Adani Group Stocks: अदाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गुरुवार को तेजी दर्ज की गई। ग्रुप की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर (Adani Enterprises Share) सबसे अधिक आठ प्रतिशत चढ़ा।
बीएसई (BSE) पर अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 8.01 प्रतिशत चढ़कर 3,391.20 रुपये पर पहुंच गया। एनडीटीवी के शेयरों में 7.56 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, अदाणी पोर्ट्स के शेयर 4.72 प्रतिशत, एसीसी के शेयर 2.86 प्रतिशत, अदाणी पावर के शेयर 2.79 प्रतिशत, अदाणी टोटल गैस के शेयर 2.30 प्रतिशत और अंबुजा सीमेंट्स के शेयर 2.09 प्रतिशत चढ़े।
अदाणी विल्मर के शेयर (Adani Wilmar) में 1.85 प्रतिशत, अदाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर में 1.25 प्रतिशत और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर में 1.17 प्रतिशत की तेजी रही। ग्रुप की सभी 10 लिस्टेड कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैप 17.23 लाख करोड़ रुपये रहा।
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की तरफ से रिकॉर्ड डिविडेंड भुगतान की मंजूरी दिए जाने के बीच गुरुवार को बैंक, पेट्रोलियम एवं वाहन कंपनियों के शेयरों में जबर्दस्त लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार के दोनों मानक इंडेक्स अपने ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गए।
बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) ने 29 जनवरी के बाद की अपनी सबसे ऊंची छलांग लगाई और 1,196.98 अंक के लाभ के साथ यह 75,418.04 अंक के अपने अबतक के सबसे ऊंचे मुकाम पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी भी 369.85 अंक यानी 1.64 प्रतिशत बढ़कर 22,967.65 अंक के अपने हाईएस्ट स्तर पर बंद हुआ।