Nestle India Q4FY26 Results: चॉकलेट, कॉफी, मैगी जैसे दैनिक उपयोग की चीजें बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया का 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 27.18 फीसदी बढ़कर 1,110.9 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 873.46 करोड़ रुपये था।
नेस्ले इंडिया ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही में उत्पादों की बिक्री से नेस्ले इंडिया का रेवेन्यू 6,723.75 करोड़ रुपये रहा जो सालाना आधार पर 23.42 फीसदी ज्यादा है। चौथी तिमाही में ऑपरेशन से कमाई 6,747.79 करोड़ रुपये रही जबकि एक वर्ष पहले इसी तिमाही में यह 5,503.88 करोड़ रुपये थी।
Also Read: ₹2 लाख नहीं, अब सिर्फ ₹1,000 से शुरू करें सोशल इम्पैक्ट फंड्स में निवेश; SEBI ने खोला SSE का रास्ता
चौथी तिमाही में कुल खर्च सालाना आधार पर 21 फीसदी बढ़कर 5,217.48 करोड़ रुपये हो गया। कुल आय (जिसमें अन्य आय भी शामिल है) 22.73 फीसदी बढ़कर 6,766.24 करोड़ रुपये रही। वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में घरेलू बिक्री 23.11 फीसदी बढ़कर 6,445.07 करोड़ रुपये रही।
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष तिवारी ने कहा, ”नेस्ले इंडिया ने दहाई अंकों की मजबूत वृद्धि दर्ज की और 6,445 करोड़ रुपये की अपनी अब तक की सबसे अधिक घरेलू बिक्री हासिल की…।” निर्यात से रेवेन्यू 31 फीसदी बढ़कर 278.68 करोड़ रुपये रहा। तिवारी ने कहा कि इस प्रदर्शन में सभी उत्पाद समूहों का योगदान रहा और प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ाने के साथ-साथ संसाधनों का अनुशासित उपयोग और मजबूत क्रियान्वयन वृद्धि के प्रमुख कारक रहे।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में नेस्ले इंडिया का लाभ सालाना आधार पर नौ फीसदी बढ़कर 3,499.08 करोड़ रुपये रहा। कुल आय 14.46 फीसदी बढ़कर 23,194.95 करोड़ रुपये हो गई। तिवारी ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में कंपनी के प्रमुख ब्रांड मैगी नूडल्स ने बाजार में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखी जबकि किटकैट तथा नेस्कैफे की बाजार हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी है।
(PTI इनपुट के साथ)