शेयर बाजार

बाजार हलचल: जीरोधा का रेफरल प्रोग्राम फिर से शुरू, निफ्टी को 23,350-23,300 पर अहम सपोर्ट

नियामकीय अनिश्चितता के कारण कुछ समय के लिए रोके गए ब्रोकरेज-शेयरिंग इंसेंटिव को अब वापस लाया गया है

Published by
खुशबू तिवारी   
सुन्दर सेतुरामन   
Last Updated- June 14, 2026 | 10:15 PM IST

स्टॉक ब्रोकर जीरोधा ने अपना रेफरल प्रोग्राम फिर शुरू कर दिया है। नियामकीय अनिश्चितता के कारण कुछ समय के लिए रोके गए ब्रोकरेज-शेयरिंग इंसेंटिव को अब वापस लाया गया है। यह रेफरल प्रोग्राम नियामकीय पाबंदियों के कारण 2024 में रोक दिया गया था। कभी इसकी स्टॉकब्रोकर के नए अकाउंट खुलने में आधी हिस्सेदारी होती थी।

हालांकि जीरोधा ने मार्केटिंग और विज्ञापन पर खर्च करने से परहेज किया है, लेकिन रेफरल प्रोग्राम ने ‘वर्ड-ऑफ-माउथ’ ग्रोथ मॉडल के तौर पर मदद की है। पिछले एक साल में बाजार भागीदारी में सुस्ती के कारण डिस्काउंट ब्रोकर के नए अकाउंट खुलने की संख्या में खास बढ़ोतरी नहीं हुई। रेफरल फिर से शुरू करने से ब्रोकर को नए निवेशक मिल सकते हैं।

निफ्टी को 23,350-23,300 पर अहम सपोर्ट

अमेरिका-ईरान युद्ध के समाधान की नई उम्मीदों के बीच निफ्टी पिछले सप्ताह 1.1 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ और उसने लगातार दो सप्ताह की गिरावट का सिलसिला तोड़ा। शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई और यह 90 डॉलर से नीचे आ गया। नतीजतन, सूचकांक सप्ताह के अंत में 1.10 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। लेकिन निवेशक अभी भी सावधानी बरत रहे हैं, क्योंकि युद्ध के समाधान को लेकर पहले भी उम्मीदें जगी थीं लेकिन बाद में वे निराशा में बदलीं।

इसके अलावा, जब तक दोनों पक्षों के बीच कोई औपचारिक समझौता नहीं होता, तब तक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की वापसी की संभावना कम है। एसबीआई सिक्योरिटीज में टेक्नीकल और डेरिवेटिव रिसर्च के प्रमुख सुदीप शाह ने कहा, ‘इंडेक्स 23,800 और उसके बाद मनोवैज्ञानिक स्तर 24,000 की ओर बढ़त जारी रख सकता है। नीचे 23,350-23,300 का दायरा अहम सपोर्ट एरिया के तौर पर काम कर सकता है।

First Published : June 14, 2026 | 10:15 PM IST