आपका पैसा

Aadhaar Update: शादी के बाद कैसे जोड़ें अपने आधार कार्ड में पति का नाम; जानें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस

Aadhaar Card Update: शादी के बाद महिलाएं मोबाइल ऐप के जरिए आसान स्टेप्स फॉलो कर आधार कार्ड में पति का नाम जोड़ सकती हैं।

Published by
मानसी वार्ष्णेय   
Last Updated- April 20, 2026 | 1:55 PM IST

Aadhaar Update: आज के समय में आधार कार्ड लगभग हर जरूरी काम का सबसे अहम डॉक्यूमेंट बन चुका है। बैंक खाता खोलने से लेकर सिम कार्ड लेने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तक, हर जगह इसकी जरूरत पड़ती है। ऐसे में आधार की जानकारी अपडेट रखना जरूरी हो जाता है। खासकर उन महिलाओं के लिए जिनकी हाल ही में शादी हुई है और वे अपने आधार में पति का नाम जोड़ना चाहती हैं, यह जानकारी काफी काम की है।

क्यों जरूरी है अपडेट करना?

आधार में पति का नाम जोड़ने से कई काम आसान हो जाते हैं। जैसे बैंकिंग से जुड़े अपडेट, पासपोर्ट प्रोसेस, राशन कार्ड में बदलाव, इंश्योरेंस से जुड़े काम और जॉइंट अकाउंट मैनेजमेंट। इसके लिए मैरिज सर्टिफिकेट, खुद का आधार कार्ड और पति का आधार कार्ड जरूरी होता है। साथ ही रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी आधार से लिंक होना चाहिए, क्योंकि वेरिफिकेशन उसी पर होता है।

कैसे करें ऑनलाइन अपडेट?

यह काम अब घर बैठे मोबाइल से भी किया जा सकता है। प्रोसेस कुछ इस तरह है

  • सबसे पहले आधार की आधिकारिक ऐप अपने मोबाइल में डाउनलोड करें
  • अपने आधार नंबर से लॉगिन कर वेरिफिकेशन पूरा करें
  • अब सर्विस सेक्शन में जाएं
  • वहां Address Update का विकल्प चुनें
  • इसके बाद Family Member’s Aadhaar पर क्लिक करें
  • अब पति का आधार नंबर डालकर रिश्ता यानी Spouse सेलेक्ट करें
  • फिर मैरिज सर्टिफिकेट को डॉक्यूमेंट के तौर पर अपलोड करें
  • सभी जानकारी भरने के बाद रिक्वेस्ट सबमिट करें

इसके बाद यह रिक्वेस्ट पति या फैमिली मेंबर के पास जाती है, जिसे ऐप के जरिए अप्रूव करना होता है। अप्रूवल के बाद आधार में अपडेट प्रक्रिया पूरी हो जाती है और पति का नाम जुड़ जाता है।

कितना समय और कितनी फीस?

पूरा अपडेट प्रोसेस होने में आमतौर पर 30 दिन तक का समय लग सकता है। इसके लिए 50 से 75 रुपये तक की मामूली फीस भी देनी होती है। इस तरह कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करके आधार में पति का नाम जोड़ा जा सकता है और जरूरी डॉक्यूमेंट्स को अपडेट रखा जा सकता है।

आधार अपडेट करने का फ्री मौका

भारतीय नागरिकों के लिए आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी अपडेट करने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। अब लोग 14 जून 2025 तक अपने आधार में दर्ज जानकारी को ऑनलाइन बिना किसी शुल्क के अपडेट कर सकते हैं। पहले यह सुविधा 14 दिसंबर 2024 तक उपलब्ध थी।

UIDAI यानी भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने यह राहत इसलिए दी है ताकि लोग अपने पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज आसानी से सही कर सकें। इसमें Proof of Identity और Proof of Address जैसी जानकारियां शामिल हैं।

UIDAI ने खास तौर पर उन लोगों से अपने आधार अपडेट करने की अपील की है, जिन्होंने 10 साल या उससे ज्यादा समय पहले आधार बनवाया था और अब तक उसमें कोई बदलाव नहीं किया है। समय पर अपडेट न होने पर भविष्य में सरकारी सेवाओं या योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है।

15 जून 2025 के बाद अगर कोई आधार में बदलाव करवाता है तो उसे आधार केंद्र पर 50 रुपये प्रति अपडेट शुल्क देना होगा। यह शुल्क फिलहाल भी लागू है।

कैसे करें ऑनलाइन अपडेट

आधार अपडेट करना अब ऑनलाइन आसान है। इसके लिए myAadhaar पोर्टल पर जाना होगा। यहां 12 अंकों का आधार नंबर डालकर मोबाइल पर आए OTP से लॉगिन किया जा सकता है। इसके बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड कर अपडेट रिक्वेस्ट सबमिट करनी होती है। प्रक्रिया पूरी होने पर एक URN नंबर मिलता है, जिससे स्टेटस ट्रैक किया जा सकता है।

पते से जुड़ा अपडेट करने के लिए पोर्टल पर “Update Address” विकल्प चुनकर नया पता और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होते हैं।

UIDAI के अनुसार, आधार एक 12 अंकों की पहचान संख्या है जो भारत में पहचान और पते के प्रमाण के रूप में व्यापक रूप से इस्तेमाल होती है। यह सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में अहम भूमिका निभाता है।

First Published : April 20, 2026 | 1:53 PM IST