Representative image
ATM New Rules: 1 अप्रैल 2026 से कई बैंक एटीएम से पैसे निकालने के नियमों में बदलाव करने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर UPI के जरिए कैश निकालने, डेबिट कार्ड की दैनिक सीमा और फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या पर पड़ेगा।
HDFC Bank ने साफ किया है कि अब एटीएम से UPI के जरिए कैश निकालना भी फ्री ट्रांजैक्शन की मासिक सीमा में गिना जाएगा। यानी यह सुविधा अब अलग नहीं मानी जाएगी।
अगर ग्राहक अपनी तय फ्री लिमिट पूरी कर लेते हैं, तो हर अतिरिक्त निकासी पर 23 रुपये और टैक्स देना होगा।
इस बदलाव के बाद जो लोग अक्सर UPI के जरिए बिना कार्ड के कैश निकालते हैं, उनकी फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट जल्दी खत्म हो सकती है। ऐसे में महीने के बीच में ही अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है।
बैंकों का कहना है कि इस कदम से UPI और सामान्य ATM ट्रांजैक्शन के बीच का अंतर खत्म किया जा रहा है।
देश के दो प्रमुख बैंकों ने ATM से जुड़े नियमों में बदलाव किया है, जिससे ग्राहकों की नकद निकासी और मुफ्त लेनदेन पर असर पड़ेगा।
सबसे पहले बात करें Punjab National Bank की। बैंक ने अपने कई डेबिट कार्ड वेरिएंट्स पर दैनिक ATM निकासी की सीमा घटा दी है।
पहले जहां सामान्य कार्ड पर एक दिन में 1,00,000 रुपये तक निकाले जा सकते थे, अब यह सीमा घटाकर 50,000 रुपये कर दी गई है।
इसी तरह उच्च श्रेणी के कार्ड्स के लिए सीमा 1,50,000 रुपये से घटाकर 75,000 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।
इस बदलाव का मतलब है कि अगर किसी को बड़ी रकम निकालनी है तो उसे अब पैसे कई दिनों में निकालने होंगे या फिर बैंक ब्रांच या डिजिटल पेमेंट का सहारा लेना होगा।
वहीं Bandhan Bank ने ATM के मुफ्त लेनदेन नियमों में बदलाव किया है, खासकर अन्य बैंकों के ATM के इस्तेमाल को लेकर।
बैंक के अपने ATM पर ग्राहकों को हर महीने 5 फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन मुफ्त मिलेंगे, जबकि नॉन-फाइनेंशियल लेनदेन की कोई सीमा नहीं होगी।
लेकिन अन्य बैंकों के ATM पर मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 तय की गई है। इसमें फाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल दोनों प्रकार के लेनदेन शामिल हैं।
सीमा पार होने पर हर फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये और नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर 10 रुपये का शुल्क लगेगा।
अगर बैलेंस कम होने की वजह से ट्रांजैक्शन फेल होता है तो 25 रुपये का जुर्माना भी देना होगा।
मेट्रो शहरों में नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल हैं।
इन बदलावों के बाद ग्राहकों को अपने ATM उपयोग पर नजर रखनी होगी ताकि अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सके। बड़े लेनदेन की पहले से योजना बनाना और डिजिटल पेमेंट का ज्यादा उपयोग करना अब अधिक फायदेमंद होगा।