आपका पैसा

Bank of India ने बढ़ाई FD पर ब्याज दरें, अब 3 साल की जमा पर मिलेगा ज्यादा रिटर्न

Bank of India ने FD की ब्याज दरों में बदलाव करते हुए 3 साल की जमा पर 6.70% तक रिटर्न देने का ऐलान किया है।

Published by
मानसी वार्ष्णेय   
Last Updated- May 18, 2026 | 2:30 PM IST

BOI FD Rates Revised: सरकारी बैंक Bank of India ने फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD पर ब्याज दरों में बदलाव किया है। बैंक ने घरेलू और NRO टर्म डिपॉजिट की नई ब्याज दरें लागू कर दी हैं, जो 18 मई 2026 से प्रभावी हो गई हैं। नई दरें कॉलएबल डिपॉजिट पर लागू होंगी।

बैंक की ओर से जारी संशोधित दरों में 1 साल से लेकर 3 साल तक की जमा योजनाओं पर ग्राहकों को पहले के मुकाबले बेहतर रिटर्न मिलेगा। वहीं, 3 करोड़ रुपये से ऊपर की बड़ी जमा राशियों के लिए भी ब्याज दरों में बदलाव किया गया है।

छोटी अवधि की FD पर भी बढ़ा ब्याज

3 करोड़ रुपये से कम की जमा पर 7 दिन से 45 दिन तक की FD पर 3 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। 46 दिन से 90 दिन तक की जमा पर ब्याज दर 4.50 प्रतिशत तय की गई है।

91 दिन से 179 दिन तक की FD पर ग्राहकों को 4.25 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। वहीं, 180 दिन से लेकर एक साल से कम अवधि की जमा पर 5.50 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा।

BOI FD Rates: 1 से 3 साल की FD बनी आकर्षक

बैंक ने एक साल की FD पर 6.50 प्रतिशत ब्याज दर तय की है। एक साल से ज्यादा और दो साल से कम अवधि की जमा पर भी 6.50 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।

दो साल से कम और तीन साल से कम अवधि वाली FD पर ब्याज दर 6.60 प्रतिशत कर दी गई है। वहीं, तीन साल की FD पर ग्राहकों को सबसे ज्यादा 6.70 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा।

लंबी अवधि की जमा पर क्या मिलेगा रिटर्न

तीन साल से अधिक और पांच साल से कम अवधि की FD पर 6.25 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। वहीं, पांच साल से लेकर 10 साल तक की लंबी अवधि की जमा योजनाओं पर 6 प्रतिशत सालाना ब्याज तय किया गया है।

बैंक ने साफ किया है कि घरेलू रुपये की टर्म डिपॉजिट, NRO और NRE जमा की अधिकतम अवधि 10 साल होगी।

यह पढ़ें: Senior Citizens के लिए खुशखबरी! FD पर मिल रहा 8.3% तक बंपर ब्याज, जानें कौन से बैंक दे रहे सबसे ज्यादा रिटर्न

बड़े निवेशकों के लिए अलग ब्याज दरें

3 करोड़ रुपये से अधिक लेकिन 10 करोड़ रुपये से कम की जमा पर ब्याज दरें अलग रखी गई हैं। इस श्रेणी में एक साल की FD पर 6.50 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।

वहीं, दो साल से कम अवधि की जमा पर 6.25 प्रतिशत और दो से तीन साल तक की FD पर 6 प्रतिशत ब्याज तय किया गया है। तीन साल और उससे अधिक अवधि की अधिकांश जमा योजनाओं पर 5.50 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।

BOI FD Rates: वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा अतिरिक्त फायदा

बैंक ने वरिष्ठ नागरिकों और सुपर सीनियर सिटीजंस को अतिरिक्त ब्याज का लाभ जारी रखा है। तय अवधि की जमा योजनाओं पर सीनियर सिटीजंस को सामान्य ग्राहकों के मुकाबले अतिरिक्त ब्याज मिलेगा। इससे रिटायरमेंट के बाद सुरक्षित निवेश चाहने वाले ग्राहकों को फायदा होगा।

‘स्टार स्वर्णिम’ स्कीम बंद

बैंक ने बताया कि 450 दिन की अवधि वाली ‘स्टार स्वर्णिम’ डिपॉजिट स्कीम को बंद कर दिया गया है। 18 मई 2026 से यह योजना उपलब्ध नहीं रहेगी। यह स्कीम 3 करोड़ रुपये से कम की जमा राशि पर लागू थी।

ग्रीन डिपॉजिट योजना जारी रहेगी

बैंक की ग्रीन डिपॉजिट स्कीम जारी रहेगी। 999 दिन की अवधि वाले ग्रीन डिपॉजिट पर 6.50 प्रतिशत ब्याज मिलता रहेगा। यह सुविधा 1 लाख रुपये से लेकर 10 करोड़ रुपये से कम की जमा राशि पर लागू होगी।

बैंक ने कहा कि इस योजना के बाकी नियम और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी।

FD और RD से जुड़े अहम नियम

बैंक के मुताबिक, टर्म डिपॉजिट खुलवाने के लिए न्यूनतम राशि 10 हजार रुपये तय की गई है। हालांकि कोर्ट आदेश, टेंडर या अर्नेस्ट मनी जैसे विशेष मामलों में इससे कम राशि की FD भी खोली जा सकती है।

रिकरिंग डिपॉजिट यानी RD में न्यूनतम मासिक किस्त 500 रुपये रखी गई है, जबकि फ्लेक्सी RD के लिए कम से कम 1000 रुपये जमा करने होंगे।

बैंक ने RD और फ्लेक्सी RD में अधिकतम निवेश सीमा 10 लाख रुपये तय की है। इससे अधिक राशि जमा करने के लिए शाखा को मुख्य कार्यालय से विशेष मंजूरी लेनी होगी।

डिजिटल माध्यम से भी खुलवा सकते हैं FD

ग्राहक बैंक शाखा के अलावा इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल ऐप के जरिए भी फिक्स्ड डिपॉजिट खोल सकते हैं। बैंक का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश प्रक्रिया को आसान और तेज बनाया गया है।

*डिस्क्लेमर: उपरोक्त जानकारी बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट से ली गई है। अधिक जानकारी और नवीनतम अपडेट के लिए कृपया बैंक ऑफ इंडिया की वेबसाइट देखें। यह सामग्री केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से है।

First Published : May 18, 2026 | 2:30 PM IST