आपका पैसा

DA Hike: केंद्रीय कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! महंगाई भत्ता 2% बढ़ा, सैलरी में आएगा बड़ा उछाल

DA Hike: इससे पहले अक्टूबर में डीए बढ़ाकर 55 प्रतिशत से 58 प्रतिशत किया गया था। वह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू मानी गई थी

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 18, 2026 | 3:06 PM IST

केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए अच्छी खबर है। शनिवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महंगाई भत्ता यानी डीए में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी एक रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है।

इससे पहले अक्टूबर में डीए बढ़ाकर 55 प्रतिशत से 58 प्रतिशत किया गया था। वह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू मानी गई थी और उसके बकाया का भुगतान भी बाद में कर दिया गया था। इसका फायदा नौकरी कर रहे कर्मचारियों के साथ पेंशनर्स को भी मिला था।

सरकार हर साल जनवरी और जुलाई में डीए और डीआर की समीक्षा करती है। इसका मकसद बढ़ती महंगाई के असर को कम करना और कर्मचारियों तथा रिटायर्ड लोगों की क्रय शक्ति को बनाए रखना होता है।

2% महंगाई भत्ता (DA/DR) बढ़ने पर सैलरी में कितना इजाफा होगा?

केंद्र सरकार के हालिया 2% महंगाई भत्ता (DA) बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनर्स को हर महीने थोड़ी अतिरिक्त आमदनी मिलेगी। यह फायदा 1 करोड़ से अधिक लोगों को होने की उम्मीद है।

अगर किसी कर्मचारी का बेसिक वेतन ₹40,000 है, तो इसका असर कुछ इस तरह होगा:

  • पुराना DA (58%) = ₹23,200
  • नया DA (60%) = ₹24,000

– यानी हर महीने ₹800 की बढ़ोतरी होगी।

इस तरह महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी से सीधे इन-हैंड सैलरी में थोड़ा इजाफा देखने को मिलेगा, जिससे बढ़ती महंगाई के बीच कुछ राहत जरूर मिलेगी।

महंगाई भत्ता सरकारी वेतन का एक अहम हिस्सा है, खासकर तब जब सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच वेतन ढांचे में बड़े बदलाव की चर्चाएं चल रही हैं।

इसी बीच 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर भी उम्मीदें तेज हैं। कर्मचारी संगठन ने सरकार को दिए अपने प्रस्ताव में 3.83 के फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है। अगर यह मांग मान ली जाती है, तो न्यूनतम बेसिक वेतन ₹18,000 से बढ़कर करीब ₹69,000 तक पहुंच सकता है, जिससे पूरी वेतन संरचना में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

First Published : April 18, 2026 | 2:46 PM IST