आपका पैसा

FASTag Annual Pass: 1 अप्रैल से बदल गए FASTag के नियम, जानें नई कीमत और फायदे

FASTag Annual Pass: FASTag एनुअल पास की कीमत बढ़कर 3,075 रुपये हुई, 1 अप्रैल 2026 से लागू।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 01, 2026 | 2:03 PM IST

FASTag Annual Pass: हाईवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए जरूरी FASTag एनुअल पास अब पहले से महंगा हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इसकी कीमत में 75 रुपये की बढ़ोतरी की है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है। पहले इस पास की कीमत 3,000 रुपये थी, जो अब बढ़कर 3,075 रुपये हो गई है।

एक साल या 200 टोल तक वैध

FASTag एनुअल पास एक प्रीपेड सुविधा है, जो एक साल या 200 टोल प्लाजा पार करने तक मान्य रहती है। जो भी सीमा पहले पूरी हो जाती है, पास वहीं तक वैध रहता है। यह सुविधा देशभर के करीब 1,150 नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर लागू है।

क्यों बढ़ाई गई कीमत

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक, टोल फीस में यह बदलाव तय नियमों के तहत किया गया है। नेशनल हाईवे फीस से जुड़े नियमों के अनुसार समय-समय पर दरों की समीक्षा की जाती है। इसके अलावा, FASTag एनुअल पास की बढ़ती लोकप्रियता भी इस फैसले की एक वजह है। फिलहाल 56 लाख से ज्यादा लोग इस सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

 

यात्रियों को क्या होगा फायदा

यह पास खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो अक्सर हाईवे पर सफर करते हैं। एक बार भुगतान करने के बाद बार-बार FASTag रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ती। टोल प्लाजा पर कैशलेस भुगतान होता है, जिससे यात्रा तेज और आसान हो जाती है। एनसीआर जैसे क्षेत्रों में रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह काफी उपयोगी माना जा रहा है।

किन वाहनों पर लागू

यह सुविधा केवल निजी और गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए उपलब्ध है। इसमें कार, जीप और वैन जैसे वाहन शामिल हैं।

कैसे खरीदें एनुअल पास

FASTag एनुअल पास खरीदना काफी आसान है। इसके लिए यूजर्स Rajmarg Yatra ऐप या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। वहां वाहन की जानकारी और एक्टिव FASTag ID दर्ज करनी होती है।

इसके बाद नेट बैंकिंग, UPI या डेबिट और क्रेडिट कार्ड के जरिए भुगतान किया जा सकता है। पेमेंट पूरा होने के बाद यह पास आपके FASTag से लिंक हो जाता है और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर इसकी पुष्टि का मैसेज मिल जाता है।

First Published : April 1, 2026 | 2:03 PM IST