आपका पैसा

सावधान! क्या खतरे में है आपका SBI YONO अकाउंट? आधार अपडेट स्कैम पर सरकार की बड़ी चेतावनी

SBI YONO यूजर्स को आधार अपडेट के फर्जी मैसेज से डराया जा रहा है। PIB ने इसे स्कैम बताया है और कहा है कि अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें और सावधान रहें

Published by
अमित कुमार   
Last Updated- March 23, 2026 | 6:32 PM IST

देश भर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के YONO ऐप इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को एक बड़ा फिशिंग स्कैम का खतरा मंडरा रहा है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर तेजी से वायरल हो रहा एक मैसेज लोगों को डरा रहा है कि अगर आप तुरंत अपना आधार अपडेट नहीं करवाएंगे तो YONO ऐप ब्लॉक हो जाएगा। मैसेज में कहा गया है कि आधार डिटेल्स अपडेट करने के लिए एक APK फाइल डाउनलोड करनी होगी।

लेकिन ये पूरी बात झूठी है। सरकार की फैक्ट-चेक यूनिट PIB फैक्ट चेक ने इस मैसेज को साफ-साफ फेक करार दिया है। SBI या उसके YONO प्लेटफॉर्म की तरफ से ऐसा कोई निर्देश कभी जारी नहीं किया गया। बैंक ने भी दोहराया है कि आधार अपडेट या कोई भी जरूरी काम के लिए कभी भी APK फाइल डाउनलोड करने को नहीं कहा जाता।

स्कैम कैसे काम करता है

ये फर्जी मैसेज जानबूझकर जल्दबाजी पैदा करता है। पहले अकाउंट ब्लॉक होने का डर दिखाया जाता है, फिर यूजर्स को अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। कई बार मैसेज में आधार नंबर, बैंक डिटेल्स या OTP शेयर करने को भी बोला जाता है। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसे APK फाइल्स में मैलवेयर छिपा होता है, जो फोन में घुसकर बैंकिंग पासवर्ड, OTP और दूसरे संवेदनशील डेटा चुरा लेता है।

Also Read: 1.5 करोड़ का टैक्स फ्री फंड! PPF का ‘15-5-5-5’ फॉर्मुला क्या है, जो आपको बना सकता है करोड़पति

सरकार ने क्या कहा

PIB ने स्पष्ट कहा है कि ये दावा पूरी तरह गलत है। SBI कभी भी ग्राहकों से अनऑफिशियल तरीके से आधार अपडेट या केवाईसी नहीं करवाता। बैंक की तरफ से कोई भी जरूरी सूचना सिर्फ उसके ऑफिशियल चैनल्स, जैसे बैंक की वेबसाइट, ऐप, ईमेल या SMS, के जरिए ही आती है।

कैसे इससे बचें

  • अनजान लिंक पर कभी क्लिक न करें और APK फाइल कभी डाउनलोड न करें।
  • फोन या मैसेज पर आधार, OTP, पिन या बैंक डिटेल्स किसी को भी न बताएं।
  • कोई भी जरूरी मैसेज आए तो सीधे SBI की ऑफिशियल ब्रांच या कस्टमर केयर से कन्फर्म करें।
  • ऐप सिर्फ गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर से ही इंस्टॉल करें।

साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर आपको ऐसा कोई मैसेज मिले तो उसे तुरंत SBI के ऑफिशियल फिशिंग ईमेल पर रिपोर्ट कर दें। डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ऐसे स्कैम भी तेजी से बढ़ रहे हैं। फ्रॉड करने वाले बैंक के नाम का गलत इस्तेमाल करके लोगों की लालच या डर का फायदा उठाते हैं। थोड़ी सी सावधानी से आप अपना पैसा और जानकारी सुरक्षित रख सकते हैं।

First Published : March 23, 2026 | 6:30 PM IST