facebookmetapixel
रेट कट का असर! बैंकिंग, ऑटो और रियल एस्टेट शेयरों में ताबड़तोड़ खरीदारीTest Post कैश हुआ आउट ऑफ फैशन! अक्टूबर में UPI से हुआ अब तक का सबसे बड़ा लेनदेनChhattisgarh Liquor Scam: पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को ED ने किया गिरफ्तारFD में निवेश का प्लान? इन 12 बैंकों में मिल रहा 8.5% तक ब्याज; जानिए जुलाई 2025 के नए TDS नियमबाबा रामदेव की कंपनी ने बाजार में मचाई हलचल, 7 दिन में 17% चढ़ा शेयर; मिल रहे हैं 2 फ्री शेयरIndian Hotels share: Q1 में 19% बढ़ा मुनाफा, शेयर 2% चढ़ा; निवेश को लेकर ब्रोकरेज की क्या है राय?Reliance ने होम अप्लायंसेस कंपनी Kelvinator को खरीदा, सौदे की रकम का खुलासा नहींITR Filing 2025: ऑनलाइन ITR-2 फॉर्म जारी, प्री-फिल्ड डेटा के साथ उपलब्ध; जानें कौन कर सकता है फाइलWipro Share Price: Q1 रिजल्ट से बाजार खुश, लेकिन ब्रोकरेज सतर्क; क्या Wipro में निवेश सही रहेगा?Air India Plane Crash: कैप्टन ने ही बंद की फ्यूल सप्लाई? वॉयस रिकॉर्डिंग से हुआ खुलासा

अमृत काल: आजादी की एक सदी की ओर

Last Updated- December 11, 2022 | 4:02 PM IST

स्वतंत्रता दिवस के दिन अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने देश की आजादी के 100 वर्षों यानी अगले 25 वर्ष के दौरान हमारी प्राथमिकताओं के बारे में बात की। उन्होंने पांच चीजों पर ध्यान केंद्रित किया- एक ऐसा भारत जो विकसित देश हो, औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त हो, अपनी विरासत पर गर्व करता हो, जो एकजुट और संगठित हो और जिसके नागरिक कर्तव्य को अ​धिकारों से ऊपर रखते हों।
इन पांच प्राथमिकताओं में से कम से कम दो का संबंध हमारे सांस्कृतिक भ​विष्य में बदलाव से है। हमारे राजनीतिक भविष्य का इकलौता संदर्भ नागरिकों के अ​धिकार के बजाय उनके कर्तव्यों पर जोर के रूप में सामने है। लोकतंत्र का किसी हवाले से जिक्र न होना अवश्य परेशान करता है या फिर सामाजिक समरसता और धार्मिक `और भाषाई विविधता के सम्मान का जिक्र न होना। हाल में कई ऐसे संकेत मिले हैं जो बताते हैं कि भारत का लोकतंत्र खतरे में माना जा रहा है। ऐसे संकेत न केवल बाहरी पर्यवेक्षकों के हैं ब​ल्कि भारत के लोगों को भी ऐसा ही लग रहा है। इंडिया टुडे के मूड ऑफ द नेशन सर्वे के अनुसार 48 प्रतिशत प्रतिभागियों ने माना कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है जबकि केवल 37 फीसदी लोगों ने कहा कि ऐसा नहीं है।
गॉटनबर्ग विश्वविद्यालय के बेहतरीन शोध पर आधारित वा​र्षिक अध्ययन में शामिल रिपोर्ट वेराइटीज ऑफ डेमोक्रेसीज में भारत के लोकतंत्र का व्यापक विश्लेषण शामिल है। इस अध्ययन लोकतांत्रिक देशों को शून्य से एक के बीच आंकता है। सन 1951-52 में पहले आम चुनाव के बाद से ​अ​धिकांश वर्षों के दौरान भारतीय लोकतंत्र को 0.67 की रेटिंग दी गई है। 1990 से 2013 के बीच यह रेटिंग और भी अ​धिक रही है। आपातकाल के कारण सन 1975 और 1976 में इस सूचकांक में तेज गिरावट आई और यह 0.40 पर आ गया। देश में लोकतंत्र की हालत के बारे में चिंता इसलिए भी है क्योंकि सूचकांक 2014 के 0.67 से घटकर 2020 और 2021 में क्रमश: 0.41-0.44 फीसदी रह गया। इस स्तर की तुलना सन 1970 के दशक के मध्य में आपातकाल के दौर से की जा सकती है। अगर निर्मम बहुसंख्यकवाद जारी रहा तो इसमें और गिरावट आ सकती है। भारत को अब एक निर्वाचित अ​धिनायकवादी देश के रूप में वर्गीकृत कर दिया गया है। यह एक ऐसे लोकतंत्र के लिए दुखद है जो हमारे लिए गर्व का विषय था। 
प्रधानमंत्री मोदी की अगले 25 वर्षों की पांच प्राथमिकताओं से नदारद दो अन्य पहलुओं सामाजिक समरसता और विविधता के सम्मान के लिए यह आवश्यक है कि हमारे देश में एक जीवंत लोकतंत्र हो, राजनीतिक विरो​धियों के ​खिलाफ पुलिस श​क्ति के इस्तेमाल में नियंत्रण बरता जाए, विपक्ष को संभावित बराबरी का मानते हुए सम्मान बख्शा जाए, हिंसा से सजग ढंग से दूर रहा जाए, अभिव्यक्ति की वास्तविक आजादी हो और संवैधानिक अ​धिकारों का पूरी तरह संरक्षण किया जाए।
कुलीनों की भी बात करें तो भारत एक अत्य​धिक विविधता वाला देश है। पश्चिमोत्तर इलाके में सिखों और जाटों का दबदबा है तो पूर्वोत्तर में मंगोलॉइड और ऑस्ट्रिक मूल के जनजातीय समूह हैं जिनका धर्म ईसाई है। द​क्षिण में द्रविड़ बुर्जुआ वर्ग है जिनकी अपनी वि​शिष्ट संस्कृति है। पूर्व में बंगाली और ओडिया भद्रलोक है तो प​श्चिम में मराठा और पाटीदार हैं। इस प्रकार देश के अलग-अलग हिस्सों में तमाम अलग-अलग तरह के कुलीन लोग रहते हैं। लेकिन लोकतंत्र से तात्पर्य केवल कुलीनों से नहीं है ब​ल्कि इसमें अन्य लोग भी शामिल होते हैं। लंबे समय से चली आ रही जाति व्यवस्था और धर्मों की विविधता के कारण स्थानीय स्तर पर भी सामाजिक व्यवस्था जटिल और विविधतापूर्ण है। भारत की विविध संस्कृतियों की यही वजह है और यही गुण उसे परिभा​षित करता है।
सामाजिक एवं सांस्कृतिक विविधता के लिए इस सम्मान के अलावा केंद्र सरकार की नीतियों में देश के वि​भिन्न हिस्सों की आ​र्थिक विविधता का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उदाहरण के लिए केरल या पूर्वोत्तर की कृ​षि विपणन नीतियां कभी पंजाब और हरियाणा जैसी नहीं हो सकतीं।
इन तमाम वजहों से अगले 25 वर्षों में पहली प्राथमिकता लोकतंत्र को मजबूत बनाना होनी चाहिए ताकि यह सामाजिक समरसता को बढ़ाने में मददगार साबित हो तथा भाषाओं, धर्म और धार्मिक व्यवहार तथा सामाजिक मानकों के मामले में विविधता पर गौरव किया जा सके। प्रधानमंत्री के पांच सूत्री एजेंडे में ​एक यह भी है कि भारत को एकजुट और एकीकृत रहना चाहिए। जाहिर है उपरोक्त बातें इससे संबं​धित हैं। अगर लोकतंत्र का यूं ही क्षय होता रहा तो इसे खतरा उत्पन्न हो जाएगा। अगर विपक्षी दलों को पुलिस की ताकत से डराया गया और राष्ट्रीय एकीकरण के नाम पर अगर विविधता का सम्मान नहीं किया गया तो ऐसा ही होगा।
राष्ट्रीय एकीकरण के बारे में चिंता की अन्य वजहों को भी अगले 25 वर्ष की प्राथमिकता सूची में स्थान देना चाहिए था। राज्यों के बीच प्रति व्य​क्ति आय के मामले में आ चुके अंतर को दूर करना होगा। सन 2019-20 में प​श्चिमोत्तर, द​क्षिणी और प​श्चिमी राज्यों की प्रतिव्य​क्ति आय उत्तर, मध्य और पूर्व के राज्यों की तुलना में 2.6 गुना थी। ध्यान 1990-91 में यह 1.6 फीसदी था। उदारीकरण के लाभ का बड़ा हिस्सा प​श्चिम, द​क्षिण और प​श्चिमोत्तर राज्यों में दिखा है।
अगर हम रोजगार निर्माण को ध्यान में रखें तो यह कमी खासतौर पर अहम है क्योंकि अब से लेकर आजादी के 100वें वर्ष तक कामगार आयु के लोगों में 90 फीसदी का इजाफा उत्तरी राज्यों में होगा। ऐसे में मानव संसाधन विकास पर ध्यान देना होगा। खासतौर पर धीमी वृद्धि वाले राज्यों में ​शिक्षा और स्वास्थ्य को तवज्जो देनी होगी।
अगले 25 वर्ष की प्राथमिकताओं में और चीजें होतीं तो बेहतर रहता। उदाहरण के लिए वैश्वीकरण के बदलते रुझान के साथ भारत का संबंध, तकनीकी विकास और छोटी स्टार्टअप आदि के लिए समुचित माहौल। अगर भारत को विकसित देश बनने का लक्ष्य हासिल करना है तो यह सब आवश्यक है। वह दर्जा हासिल करने के लिए देश के कौशल और उद्यमिता क्षमता का पूरा लाभ लेना होगा। हमें यह स्वीकार करने के लिए भी तैयार रहना होगा कि विकसित देश बनने की राह हमेशा सहज नहीं होगी। प्रधानमंत्री ने अगले 25 वर्ष को अमृत काल के रूप में परिभा​षित किया है। यह शब्द शायद फलित ज्योतिष से आया है जहां दिन को 16 हिस्सों में बांटा जाता है और ये सात में से एक श्रेणी में आता है। इनमें से तीन सकारात्मक, तीन नकारात्मक और एक निरपेक्ष होता है। मृत काल वह हिस्सा होता है जिसे किसी भी काम के लिए अत्यंत शुभ मुहूर्त माना जाता है। बाकी हिस्से चूंकि ​नकारात्मक और निरपेक्ष भी होते हैं इसलिए कहा जा सकता है कि अगले 25 वर्ष पूरी तरह अमृत काल नहीं रहने वाले हैं और इस दौरान कुछ कठिन समय भी आएगा। भविष्य को लेकर बनने वाली किसी भी नीति में दोनों की तैयारी रहनी चाहिए। 

First Published - September 1, 2022 | 10:40 PM IST

संबंधित पोस्ट