facebookmetapixel
रेट कट का असर! बैंकिंग, ऑटो और रियल एस्टेट शेयरों में ताबड़तोड़ खरीदारीTest Post कैश हुआ आउट ऑफ फैशन! अक्टूबर में UPI से हुआ अब तक का सबसे बड़ा लेनदेनChhattisgarh Liquor Scam: पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को ED ने किया गिरफ्तारFD में निवेश का प्लान? इन 12 बैंकों में मिल रहा 8.5% तक ब्याज; जानिए जुलाई 2025 के नए TDS नियमबाबा रामदेव की कंपनी ने बाजार में मचाई हलचल, 7 दिन में 17% चढ़ा शेयर; मिल रहे हैं 2 फ्री शेयरIndian Hotels share: Q1 में 19% बढ़ा मुनाफा, शेयर 2% चढ़ा; निवेश को लेकर ब्रोकरेज की क्या है राय?Reliance ने होम अप्लायंसेस कंपनी Kelvinator को खरीदा, सौदे की रकम का खुलासा नहींITR Filing 2025: ऑनलाइन ITR-2 फॉर्म जारी, प्री-फिल्ड डेटा के साथ उपलब्ध; जानें कौन कर सकता है फाइलWipro Share Price: Q1 रिजल्ट से बाजार खुश, लेकिन ब्रोकरेज सतर्क; क्या Wipro में निवेश सही रहेगा?Air India Plane Crash: कैप्टन ने ही बंद की फ्यूल सप्लाई? वॉयस रिकॉर्डिंग से हुआ खुलासा

गंवाया अवसर

Last Updated- December 11, 2022 | 1:31 PM IST

ऐसे समय में जबकि पहचान की राजनीति देश के राजनीतिक फलक पर बुरी तरह हावी है, मापण्ना म​ल्लिकार्जुन खरगे का कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होना लगभग तय था और ऐसा ही हुआ है। वह एक दलित और बौद्ध हैं। उनके पास कर्नाटक विधानसभा और केंद्र में काम करने का लंबा अनुभव है और वह कुछ समय के लिए सदन में नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं।
सरसरी तौर पर देखने पर तो यही प्रतीत होता है कि अपने विशाल राजनीतिक अनुभव के साथ वह शक्तिशाली भारतीय जनता पार्टी के समक्ष कांग्रेस का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। इसके बावजूद 7,897 मत पाकर 1,072 मत पाने वाले श​शि थरूर को हराने वाले खरगे की जीत से बहुत अ​धिक अपेक्षाएं नहीं हैं।
अस्सी वर्षीय खरगे गांधी परिवार के पसंदीदा प्रत्याशी थे और उनके चयन में उनकी संगठन क्षमता या किसी अन्य गुण के बजाय गांधी परिवार के प्रति वफादारी तथा गैर विवादित व्य​क्तित्व का स्वामी होना अ​धिक काम आया। कांग्रेस अध्यक्ष के पद को अतीत में तीन बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री के पद से वंचित रह जाने के बदले पुरस्कार के रूप में भी देखा जा सकता है।
उनके लंबे करियर या वर्तमान प्रचार अ​​​भियान में भी ऐसी कोई वि​शिष्टता देखने को नहीं मिली जो कांग्रेस पार्टी के लिए तत्काल जरूरी हो चुके बदलावों को अंजाम देने में मदद कर सकें और जिनकी मदद से कांग्रेस देश भर में भाजपा को मजबूत चुनौती दे सके। जब उनसे कांग्रेस के भीतर मौजूद जी23 समूह के बारे में पूछा गया जिससे उनके प्रतिद्वंद्वी भी आते थे, तो उनका जवाब इसके अ​स्तित्व को ही नकारने का था। इतना ही नहीं हारे हुए प्रत्याशी ने अनियमितताओं का आरोप लगाया और इस प्रकार इतिहास एक बार फिर दोहराया गया। 

खरगे का पार्टी अध्यक्ष बनना बताता है कि पार्टी पर गांधी परिवार का वर्चस्व बरकरार है और 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की भारी पराजय के बाद राहुल गांधी के अनिर्वाचित पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद उत्पन्न अस्पष्टता और भ्रम का सिलसिला भी जारी है। हालांकि उस वक्त उनकी मां ने पुरानी भूमिका दोबारा अपना ली थी लेकिन राहुल गांधी बिना किसी खास जिम्मेदारी के अनौपचारिक रूप से श​क्ति का केंद्र बने रहे। उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा श​क्ति के एक अन्य केंद्र के रूप में उभरी हैं। राहुल और प्रियंका में से किसी ने ज्यादा नेतृत्व क्षमता नहीं दिखाई है।
राहुल गांधी को कई सवालों के जवाब देने हैं जिनमें एक समय उनके करीबी सहयोगी रहे ज्योतिरादित्य सिं​धिया की बगावत भी शामिल है। सिंधिया के भाजपा में जाने से मध्य प्रदेश में कांग्रेस को अपनी सरकार गंवानी पड़ी थी। पंजाब में वह तत्कालीन मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और उन्हें चुनौती दे रहे नवजोत सिंह सिद्धू के बीच के विवाद को सही ढंग से ​नहीं निपटा सके।
इसके चलते पार्टी को न केवल पंजाब में हार का सामना करना पड़ा ब​ल्कि पार्टी के सबसे प्रतिभाशाली और सम्मानित राजनेताओं में से एक अमरिंदर सिंह ने पार्टी भी छोड़ दी। प्रियंका गांधी वाड्रा को भी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन का जवाब देना होगा।

किसी भी अन्य दल में ऐसा प्रदर्शन करने पर किनारे लगा दिया जाता लेकिन वाड्रा अभी भी अ​खिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव हैं। यहां तक कि उन्होंने गत सप्ताह हिमाचल प्रदेश के लिए पार्टी के प्रचार अ​भियान की शुरुआत तक की।
नि​श्चित तौर पर यह स्पष्ट नहीं है कि अपने सीमित देशव्यापी आधार के चलते श​शि थरूर पार्टी में किस कदर नई जान फूंक पाते लेकिन 66 वर्ष की अपेक्षाकृत कम उम्र के साथ उन्होंने लगभग बागी के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया जिससे पता चलता है कि वह पारंपरिक कांग्रेस के साये तले नए विचारों को सामने रखने के इच्छुक हैं।
उनके विचार नरम हिंदुत्व रूपी उस विचार से अलग हैं जो फिलहाल चुनावी रणनीति के रूप में आजमाई जा रही है। पार्टी को न केवल चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए विचारों की आवश्यकता है ब​ल्कि उसे विपक्ष में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभाने के लिए भी उनकी आवश्यकता है। बहरहाल, गांधी परिवार के प्रत्याशी को एकतरफा विजय दिलाकर कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष पद के लिए दो दशक में हुए पहले चुनाव में एक अहम अवसर गंवा दिया है। 

 

First Published - October 19, 2022 | 11:17 PM IST

संबंधित पोस्ट