facebookmetapixel
रेट कट का असर! बैंकिंग, ऑटो और रियल एस्टेट शेयरों में ताबड़तोड़ खरीदारीTest Post कैश हुआ आउट ऑफ फैशन! अक्टूबर में UPI से हुआ अब तक का सबसे बड़ा लेनदेनChhattisgarh Liquor Scam: पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को ED ने किया गिरफ्तारFD में निवेश का प्लान? इन 12 बैंकों में मिल रहा 8.5% तक ब्याज; जानिए जुलाई 2025 के नए TDS नियमबाबा रामदेव की कंपनी ने बाजार में मचाई हलचल, 7 दिन में 17% चढ़ा शेयर; मिल रहे हैं 2 फ्री शेयरIndian Hotels share: Q1 में 19% बढ़ा मुनाफा, शेयर 2% चढ़ा; निवेश को लेकर ब्रोकरेज की क्या है राय?Reliance ने होम अप्लायंसेस कंपनी Kelvinator को खरीदा, सौदे की रकम का खुलासा नहींITR Filing 2025: ऑनलाइन ITR-2 फॉर्म जारी, प्री-फिल्ड डेटा के साथ उपलब्ध; जानें कौन कर सकता है फाइलWipro Share Price: Q1 रिजल्ट से बाजार खुश, लेकिन ब्रोकरेज सतर्क; क्या Wipro में निवेश सही रहेगा?Air India Plane Crash: कैप्टन ने ही बंद की फ्यूल सप्लाई? वॉयस रिकॉर्डिंग से हुआ खुलासा

रियलिटी शोज की जंग हुई और भी तेज

Last Updated- December 07, 2022 | 2:06 PM IST

मनोरंजन के मैदान में इस समय रियलिटी शो का जलवा कायम है। कोई भी चैनल इस ट्रेंड को भुनाने में पीछे नहीं रहना चाहता।


सामान्य मनोरंजन चैनलों में इस समय रियलिटी शो के जरिये एक दूसरे को मात देने का खेल चल रहा है। इस दौड़ में इस सेगमेंट का अग्रणी चैनल स्टार प्लस कुछ पिछड़ता हुआ नजर आ रहा है, क्योंकि  उसके बहुचर्चित शो ‘क्या आप पांचवीं पास से तेज हैं’ को दर्शकों ने ‘फेल’ कर दिया है।

किंग खान का जादू भी उस शो को ‘पासिंग मार्क्स’ नहीं दिला पाया। खैर, चैनल उस असफलता को पीछे छोड़ नई शुरूआत करने को तैयार है। इसी कड़ी में दूसरे चैनलों को टक्कर देने के लिए चैनल आज रात आठ बजे ‘आजा माही वे’ नाम से नए तरह के शो का आगाज कर रहा है।

चैनल इस शो को लेकर बहुत उत्साहित है। स्टार प्लस की सीनियर क्रियेटिव डायरेक्टर  अनुपमा मंडलोई का इस शो के बारे में कहना है, ‘इस शो में अलग-अलग पृष्ठभूमि के असल जिंदगी के जोड़े भाग ले रहे हैं जो अपने सपनों की शादी को अंजाम देने के लिए इस शो में जीतने की हर कोशिश करेंगे। इस डांस शो में न केवल उनकी डांस स्किल की परख होगी बल्कि एक दूसरे के प्रति उनके प्यार की भी परीक्षा होगी।’ इसलिए ही इसके नाम ‘आजा माही वे’ के साथ प्यार की अग्निपरीक्षा लाइन को भी जोड़ा गया है।

मंडलोई दावा करती हैं कि दर्शकों को इस शो में डांस के अलावा बहुत सारे भावुक क्षण भी देखने को मिलेंगे। असल जिंदगी के 11 प्रेमी जोड़ों को लेकर बनाया गया ‘आजा माही वे’ हर शुक्रवार और शनिवार को छोटे पर्दे पर दिखाई देगा। चैनल के अधिकारी बताते हैं कि इन जोड़ों को ढूंढ़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी है। इस शो को पेश करने की जिम्मेदारी चैनल ने ‘जो जीता वही सुपरस्टार’ के विजेता राहुल वैद्य और फाइनलिस्ट विनीत सिंह के कंधों पर डाली है। इस शो की एक ओर खास बात है, वह यह कि छोटे पर्दे के ‘बिग बी’ यानी रोनित रॉय इसमें जज बने हैं, उनके अलावा श्वेता तिवारी और अपरा मेहता इस शो की जज हैं।

छोटे पर्दे के ये बड़े सितारे पहली बार किसी टेलीविजन शो में बतौर जज के रूप में नजर आएंगे। अपरा मेहता इस बात को लेकर काफी रोमांचित हैं। अपरा ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि किसी शो का जज बनना खासे सम्मान की बात है। उनके मुताबिक इसका अर्थ यही होता है कि लोग आपके काम को सम्मान देकर ही यह पदवी देते हैं। जजों के बीच खींचतान को लेकर अपरा ने जवाब दिया कि यह पूर्वनिर्धारित नहीं होता बल्कि यह किसी बात की तात्कालिक प्रतिक्रिया के तहत ही सामने आती है।

गौरतलब है कि ‘इडियट बॉक्स’ पर इस समय रियलिटी शो सफलता का मूलमंत्र बना हुआ है। यहां तक कि 21 जुलाई को शुरू हुए नये चैनल ‘कलर्स’ पर ‘खतरों के खिलाड़ी’ धूम मचाए हुए है। वहीं सोनी पर भी ‘कभी-कभी प्यार,कभी-कभी यार’ को भी दर्शकों का प्यार मिल रहा है। इसी सूची में जी टीवी के बहुचर्चित ‘सा रे गा मा पा’ के नाम को कैसे भूला जा सकता है। जबकि एनडीटीवी इमेजिन पर प्रसारित होने वाला ‘जुनून कुछ कर दिखाने का’ भी धीरे-धीरे लोकप्रिय होता जा रहा है।

वहीं 9 एक्स पर दिखाया जाने वाला ‘कौन जीतेगा बॉलीवुड का टिकट’ की हालत भी बढ़िया है जबकि इसी चैनल पर हाल ही में ‘ये है जलवा’ भी खूब जलवा बिखेरने में कामयाब रहा। जबकि इसी जंग में स्टार प्लस थोड़ा पीछे रह गया। पहले तो ‘केबीसी-2’ और बाद में ‘क्या आप पांचवीं पास से तेज हैं’ चैनल की मुराद पूरी नहीं कर सके। ‘आजा माही वे’ की सफलता को लेकर आश्वस्त स्टार प्लस के मार्केटिंग और कम्युनिकेशन हेड प्रेम कामत ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि किसी भी कार्यक्रम को लोकप्रिय बनाने में युवा ही अहम भूमिका निभाते हैं।

कामत का कहना है कि इस शो के प्रचार के लिए चैनल ने बड़ा अभियान चलाया हुआ है। जहां तक प्रायोजकों की बात है तो ‘आइडिया’ तो इसके साथ जुड़ ही चुका है, जबकि कुछ और प्रायोजक भी साथ में हैं। वैसे अभी तक तो दूसरे शोज से जुड़े लोगों में इसका कोई ‘खौफ’ नजर नहीं आ रहा है।

‘सा रे गा मा पा चैलेंज-2009’ के प्रस्तोता आदित्य नारायण बताते हैं कि इससे उनके शो पर उसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा। वह कहते हैं कि ‘सा रे गा मा पा’ देश-विदेशों में बेहद लोकप्रिय और स्थापित कार्यक्रम हैं, और दर्शकों का उससे बेहद गहरा जुड़ाव है। आदित्य कहते हैं कि पहले भी कई शो आए और चले गए लेकिन सा रे गा मा पा की सरगम को कोई भी फीका नहीं कर पाया।

First Published - July 31, 2008 | 10:14 PM IST

संबंधित पोस्ट