सोनी इंटरटेनमेंट टेलीविजन ने अपने नये टेलीविजन शो ’10 का दम’ के लिए कुछ बड़े प्रायोजक जुटा लिए हैं।
सोनी के इस टीवी शो के जरिये मशहूर फिल्म अभिनेता सलमान खान छोटे पर्दे पर कदम रख रहे हैं। छह जून से प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए वोडाफोन, गार्नियर, एलजी और प्रॉक्टर ऐंड गैंबल (जिलेट)जैसी कंपनियों ने प्रायोजक बनना तय किया है।
गौरतलब है कि सोनी इन दिनों कई नई चीजों की शुरूआत कर रही है। यही नहीं कंपनी का नाम बदलकर भी ‘मल्टी स्क्रीन मीडिया’ कर दिया गया है। सोनी के अध्यक्ष(नेटवर्क बिक्री)के अध्यक्ष रोहित गुप्ता का कहना है कि अगले कुछ हफ्तों में हम कुछ और प्रायोजकों की घोषणा करेंगे। दरअसल कंपनी अपने इस शो को पूरे तौर पर भुनाना चाहती है। कंपनी ने हाल ही में इस कार्यक्रम से जुड़ा सलमान खान का एक म्यूजिक वीडियो भी रिलीज किया है।
अपने बजट का खुलासा न करते हुए सोनी के कार्यकारी उपाध्यक्ष और बिजनेस हेड अल्बर्ट अलमेडा ने कहा कि हम अपने कार्यक्रम के प्रोमो का बहुत व्यापक स्तर पर प्रचार करेंगे। दरअसल अलमेडा इस कार्यक्रम की सफलता को लेकर बेहद आशान्वित हैं। उनकी आशाओं की दो वजहें भी हैं। पहली तो यह कि इसके जरिये सलमान पहली बार छोटे पर्दे पर दस्तक दे रहे हैं।
अलमेडा कहते हैं कि सलमान का सवाल पूछने का अंदाज बेहद खास है जो दर्शकों को बेहद पसंद आएगा। अलमेडा जिस दूसरी वजह से इस शो की सफलता को लेकर आश्वस्त हैं, वह यह कि यह एक ज्ञान आधारित शो न होकर आम जन को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो कहीं अधिक लोकतांत्रिक है। अलमेडा का कहना है कि इसमें कोई भी भाग ले सकता है क्योंकि इसमें पूछे जाने वाले सवाल रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े होंगे।
इस शो का फॉर्मेट बहुत ही सरल है। इसमें भाग लेने वाले लोग देश के दूसरे लोगों की तरह भी सोच सकते हैं। उदाहरण के तौर पर कोई ऐसा सवाल भी पूछा जा सकता है जोकि पहले भी पूछा जा चुका है। सवाल का जवाब लोगों द्वारा भेजे गए वोटों की प्रतिशत मात्रा पर तय करेगा। यदि भाग लेने वाले का अनुमान जनता की राय जैसा होगा, इस स्थिति में भाग लेने वाला जीत जाएगा।
यह शो दो प्रतिभागियों के बीच खेला जाएगा। इसमें शुरू में दोनों एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगे। इनमें से जो भी जीतेगा वो दस करोड़ रुपये तक की इनामी राशि जीत सकता है। अलमेडा का कहना है कि इस शो में वैसे तो कोई लाइफलाइन जैसी चीज नहीं है लेकिन प्रतिभागी ऑडियंस पोल का सहारा ले सकते हैं। गौरतलब है कि ’10 का दम’ अमेरिकन शो ‘पॉवर ऑफ टेन’ का भारतीय संस्करण बताया जा रहा है। अमेरिकी शो को ड्रू कैरे प्रस्तुत करते हैं।