कोरोना का कहर झेलने वाले दिल्लीवासियों के लिए दीवाली से पहले बड़ी राहत भरी खबर आई है। दिल्ली में अब टीका लगने योग्य आधी आबादी का पूर्ण टीकाकरण हो गया है। करीब 88 फीसदी आबादी को टीके की पहली खुराकलग चुकी है। दिल्ली में कोरोना का टीका लगने योग्य लोगों की संख्या करीब 1.49 करोड़ है।
दिल्ली में सोमवार 4 बजे तक करीब दो करोड़ पांच लाख 30 हजार टीके लग चुके हैं। इनमें से एक करोड़ 30 लाख 74 हजार पहली खुराक और करीब 74.55 लाख दूसरी खुराक शामिल हैं। दिल्ली में टीके लगने वाले पात्र लोगों की संख्या करीब 1.49 करोड़ है। करीब 74.55 लाख लोगों को टीके की दोनों खुराक लग चुकी हैं, जो टीके लगने योग्य आबादी का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा है। जाहिर है दिल्ली में टीका लगने योग्य आधी आबादी का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। 1.30 करोड़ से ज्यादा पात्र लोगों को कोरोना टीके की पहली खुराक लग चुकी है। इस तरह दिल्ली में करीब 88 फीसदी पात्र आबादी टीके की कम से कम एक खुराक लगवा चुकी है। दिल्ली में अब करीब 19 लाख लोग ही बचे हैं, जिनको टीके की एक भी खुराक नहीं लगी है।
दिल्ली में अगस्त-सितंबर महीने में टीकाकरण ने जोर पकड़ा था। अगस्त में 35 लाख और सितंबर में 44 लाख टीके लगे थे। सितंबर में प्रतिदिन औसतन करीब 1.46 लाख टीके लगे थे। हालांकि अक्टूबर महीने में टीकाकरण की रफ्तार धीमी पड़ गई। अक्टूबर में 27 लाख ही टीके लगे। दिल्ली में पूर्ण टीकाकरण के लिए करीब 93 लाख टीकों की और जरूरत है। सितंबर जैसी टीकाकरण की तेज रफ्तार रहने पर इस साल दिल्ली में पूर्ण टीकाकरण हो सकता है। मौजूदा रफ्तार से अगले साल फरवरी तक पूर्ण टीकाकरण हो पाएगा। दिल्ली में टीके की दोनों खुराक मिलाकर कुल 2.98 करोड़ टीके लगने हैं। अब तक करीब 2.05 करोड़ टीके लग चुके हैं।