अन्य समाचार

हर्ष मल्होत्रा बने दिल्ली BJP अध्यक्ष, बड़े मंत्रिमंडल फेरबदल के संकेत तेज

हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जिससे संगठन और संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Published by
अर्चिस मोहन   
Last Updated- May 29, 2026 | 9:38 AM IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को पार्टी की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त करने का ऐलान किया है। गुरुवार को मल्होत्रा की हुई नियुक्ति केंद्रीय मंत्रिपरिषद में संभावित फेरबदल का संकेत हो सकती है। वीरेंद्र सचदेव की जगह भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष बने मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से लोक सभा सदस्य और निगम मामले, सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हैं।

भाजपा के संविधान में ‘एक व्यक्ति, एक पद’ का सिद्धांत अनिवार्य है। नवीन के पूर्ववर्ती तीन केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा ने भी इस सिद्धांत का पालन किया था। उन्होंने या तो केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल होने के कुछ ही हफ्तों के भीतर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था या कार्यकाल समाप्त होने पर पद त्याग दिया था।

हालांकि, पार्टी के संविधान में ऐसी कोई अवधि तय नहीं की गई है जिस दौरान कोई पार्टी नेता दो पदों पर बना रह सकता है यानी एक पार्टी संगठन में और दूसरा केंद्र या राज्य सरकार में। पंकज चौधरी दिसंबर 2025 में पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रमुख के रूप में सर्वसम्मति से चुने गए थे मगर लेकिन वह केंद्र में वित्त राज्य मंत्री के पद पर बने रहे।

9 जून, 2024 को शपथ ग्रहण करने वाली भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार जून के दूसरे सप्ताह में अपने मौजूदा कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने की खुशी मनाएगी। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित 72 सदस्य, 30 मंत्रिमंडल मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले 5 राज्य मंत्री और 36 राज्य मंत्री शामिल हैं।

दो वर्ष पहले शपथ लेने वाली मंत्रिपरिषद में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अगर कोई फेरबदल होता है तो इसका मकसद राजग के भीतर भाजपा के कुछ सहयोगी दलों जैसे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (जिसका वर्तमान में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में एक भी मंत्री नहीं है) को अधिक प्रतिनिधित्व देना हो सकता है। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल में महिलाओं, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति के सदस्यों, या चुनाव वाले राज्यों के सांसदों को अधिक प्रतिनिधित्व देने जैसे पहलुओं को खास तौर पर जेहन में रखा है।

उत्तर प्रदेश, पंजाब, मणिपुर, गोवा और उत्तराखंड में फरवरी-मार्च 2027 तक और हिमाचल प्रदेश और गुजरात में साल के अंत तक चुनाव होंगे। जनवरी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद नवीन द्वारा किया गया यह पहला संगठनात्मक फेरबदल है। पार्टी द्वारा जारी अलग-अलग अधिसूचनाओं के मुताबिक हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा इकाइयों के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई। अर्चना गुप्ता को भाजपा हरियाणा अध्यक्ष और सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पार्टी की पंजाब इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के त्रिपुरा विधायक अभिषेक देबरॉय पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख नियुक्त किए गए हैं।

2022 में कांग्रेस से भाजपा में आए ढिल्लों पहले सिख हैं जिन्हें भाजपा ने पार्टी की राज्य इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। एक उद्योगपति के रूप में उन्होंने 1980 के दशक में आतंकवाद-प्रभावित पंजाब के संगरूर में पेप्सिको का भारत में ‘पहला और सबसे बड़ा फ्रैंचाइजी’ स्थापित किया, जो सॉफ्ट ड्रिंक्स की बॉटलिंग और विनिर्माण से संबंधित था। 76 वर्षीय ढिल्लों ने ढिल्लों ग्रुप के माध्यम से एक बड़ा बीवरेज समूह खड़ा किया जो बाद में अचल संपत्ति, निर्माण और अन्य क्षेत्रों में भी विस्तारित हुआ।

पंजाब में भाजपा का शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन था जिसके चलते वह मुख्यतः हिंदू-बहुल शहरी सीटों पर चुनाव लड़ती थी। 2023 में यह गठबंधन टूट गया। इसके बाद पार्टी ने पूर्व कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। 2024 लोकसभा चुनावों में भाजपा ने राज्य की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ा जिनमें वह हार गई। लेकिन उसका वोट शेयर 9 प्रतिशत से बढ़कर 18.5 प्रतिशत हो गया।

इधर, प्रधानमंत्री मोदी ने 21 मई को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक की और प्रमुख मंत्रालयों के कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री जून के मध्य में फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर रहेंगे जहां वे 15 से 17 जून तक फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में आयोजित होने वाले ग्रुप ऑफ सेवन (जी-7) नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। वह नीस और पेरिस का दौरा भी करेंगे।

First Published : May 29, 2026 | 9:29 AM IST