जम्मू बंद के कारण देश के दूसरे राज्यों से होने वाली सामान की आपूर्ति और पर्यटकों की आवाजाही बाधित हो गई है। इससे दूसरे राज्यों के कारोबारियों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गुडगांव और दिल्ली के ट्रांसपोटर्स का कहना है कि पिछले एक महीने में यात्रियों की बुकिंग में 80 फीसदी की कमी आई है। दिल्ली और अन्य उत्तरी राज्यों की मंडियों से जम्मू को होने वाली अनाज, सब्जियों, हौजरी, इलेक्ट्रानिक और अन्य सामानों की आपूर्ति भी रुकी पड़ी है।
जम्मू एंव कश्मीर सरकार के सूचना सचिव के बी जंडियाल ने बताया कि जम्मू और पंजाब के बार्डर लखनपुर को बंद करने के बाद राज्य में ट्रकों की आवाजाही पर रोक लगी हुई थी। लेकिन अब सेना और पुलिस की निगरानी में आपूर्ति को फिर से बहाल किया जा रहा है। आल इंडिया मोटर कांग्रेस के अध्यक्ष चरण सिंह लोहारा ने बताया कि पंजाब से रोजाना 700 से 800 ट्रक रोजाना जम्मू जाते है।