प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी | फाइल फोटो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वंचितों को सशक्त बनाना, या ‘गरीब कल्याण’ वर्ष 2014 से देश में हुए कई परिवर्तनों की आधारशिला रहा है। मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मौजूदा कार्यकाल के मंगलवार को दो साल हो जाएंगे, और साथ ही 26 मई, 2014 को सरकार बनने के 12 साल भी पूरे हो जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजग के छोटे घटक दलों के साथ मिलकर, मंगलवार से एक महीने तक चलने वाले अभियान की शुरुआत करेगी, जिसमें सरकार की विभिन्न क्षेत्रों में 12 उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिनमें नवीकरणीय ऊर्जा, उर्वरक और रक्षा जैसे क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना शामिल है।
इस अभियान में उन फैसलों को शामिल किया जाएगा जिनसे देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा मजबूत हुई है, जैसे कि नक्सलवाद के प्रभाव का मुकाबला करने में मिली सफलता।
केंद्र में सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री और राजग के अन्य नेता, जिनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल हैं, बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में बैठक करेंगे।
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हुए कई परिवर्तनकारी बदलावों के मूल में गरीबों और वंचितों का कल्याण है। उन्होंने कहा कि सरकार का हमेशा से यही प्रयास रहा है कि विकास के लाभ उन लोगों तक पहुंचें जो दशकों से उपेक्षित रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना, यानी सबसे गरीब लोगों के उत्थान की भावना ने सरकार की जन धन खाते, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, स्वच्छ भारत, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी पहलों को प्रेरित किया है।
मोदी ने कहा कि गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में प्रौद्योगिकी ने अहम भूमिका निभाई है। एक्स पर कई पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सहायता सीधे और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच रही है। इससे भ्रष्टाचार कम हुआ है,
कार्यकुशलता बढ़ी है और शासन में विश्वास मजबूत हुआ है। इसी तरह गरीब कल्याण को आगे बढ़ाने का यह सफर मानव सशक्तीकरण और विकसित भारत के हमारे सपने को साकार करने की दिशा में एक सामूहिक आंदोलन बन गया है।’