सेमीकंडक्टर की किल्लत के कारण वाहन कंपनियों का उत्पादन प्रभावित रहने से यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री जनवरी, 2022 में सालाना आधार पर 10 फीसदी घट गई। वाहन डीलरों के संगठन फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने आज यह जानकारी दी।
फाडा के अनुसार, जनवरी में 2022 में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 10.12 फीसदी घटकर 2,58,329 वाहन रह गई जो जनवरी 2021 में 2,87,424 वाहन रही थी। फाडा अध्यक्ष विंकेश गुलाटी ने कहा, ‘अच्छी मांग के बावजूद यात्री वाहनों को सेमीकंडक्टर की कमी का खमियाजा भुगतना पड़ रहा है। इसके कारण सभी कारों की सूची को बनाए रखना मुश्किल हो रहा है।’
फाडा ने कहा कि दोपहिया वाहनों की बिक्री भी पिछले महीने 13.44 फीसदी घटकर 10,17,785 वाहन रह गई जो जनवरी 2021 में 11,75,832 वाहन रही थी। गुलाटी ने कहा कि कीमतों में वृद्धि और ओमीक्रोन लहर के साथ ग्रामीण संकट के कारण दोपहिया वाहनों की बिक्री में गिरावट आई है। इसके अलावा ट्रैक्टर की बिक्री पिछले महीने 55,421 वाहन रही जो जनवरी 2021 में 61,485 वाहनों की बिक्री के मुकाबले 9.86 फीसदी कम है। फाडा ने कहा कि वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री पिछले महीने 20.52 फीसदी की वृद्धि के साथ 67,763 वाहन हो गई जो एक साल पहले इसी महीने में 56,227 वाहन रही थी। फाडा के अनुसार, जनवरी 2022 में तिपहिया की खुदरा बिक्री भी 29.8 फीसदी बढ़कर 40,449 वाहन हो गई जो एक साल पहले 31,162 वाहन रही थी।