खेल

ACT फाइनल में जोरदार जीत से भारतीय हॉकी टीम की रैंकिंग में फायदा, तीसरे नंबर पर पहुंची

भारतीय टीम ने 2021 में तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल करने के बाद यही रैंकिंग हासिल की थी। तोक्यो में भारत ने ओलंपिक में पदक के 41 साल के सूखे को खत्म किया था।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- August 13, 2023 | 5:26 PM IST

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (ACT) में खिताबी जीत के बाद भारतीय हॉकी टीम रविवार को एफआईएच (अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ) की नवीनतम रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गयी है। एशियाई खेलों से पहले रैंकिंग में इस सुधार से भारतीय टीम का हौसला बढ़ेगा।

इंग्लैंड को पछाड़ तीसरे स्थान पर पहुंचा

भारत (2771.35 अंक) इंग्लैंड (2763.50 अंक) को पछाड़ कर एक स्थान के सुधार के साथ तीसरे स्थान पर पहुंचा। इस रैंकिंग में नीदरलैंड (3095.90 अंक) पहले और बेल्जियम (2917.87 अंक) दूसरे स्थान पर हैं। यह दूसरी बार है जब भारत एफआईएच रैंकिंग में तीसरे पायदान पर पहुंचा।

भारतीय टीम ने 2021 में तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल करने के बाद यही रैंकिंग हासिल की थी। तोक्यो में भारत ने ओलंपिक में पदक के 41 साल के सूखे को खत्म किया था।

चौथी बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता का खिताब जीता

हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके शनिवार को मलेशिया को 4-3 से हराकर चौथी बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता का खिताब जीता और 23 सितंबर से होने वाले हांगझोउ एशियाई खेलों के लिए अपनी तैयारियों का पुख्ता सबूत पेश किया।

एसीटी की उपविजेता मलेशिया नौवें स्थान पर बरकरार है। इस रैंकिंग में कोरिया 11वें, पाकिस्तान 16वें स्थान पर है। टूर्नामेंट में तीसरी स्थान पर रही जापान की टीम रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ 18वें स्थान पर पहुंच गयी।

भारत में मलेशिया को पछाड़ जीती एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी

भारत ने शनिवार रात खेल गए एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में मलेशिया को 4-3 से हरा कर इस खिताब को अपने नाम किया। एक समय भारत 3-1 से पिछड़ रहा था लेकिन अंतिम दो क्वार्टर में भारत ने शानदार वापसी की और मलेशिया को हरा कर चौथी बार एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

First Published : August 13, 2023 | 5:26 PM IST