खेल

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने नीदरलैंड से 1-5 की हार से दक्षिण अफ्रीका दौरा खत्म किया

भारतीय टीम लगातार हमलों के बावजूद पहले क्वार्टर के अंत तक गोल नहीं कर सकी।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 28, 2024 | 7:56 PM IST

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका का दौरा रविवार को यहां नीदरलैंड के हाथों मिली 1-5 की निराशाजनक हार से समाप्त किया। भारतीय टीम के लिए एकमात्र गोल अभिषेक ने 39वें मिनट में किया।

नीदरलैंड के लिए जिप जानसेन (10वें और 28वें) ने दो गोल दागे जबकि विश्व की शीर्ष रैंकिंग टीम के लिए डुको टेलजेनकैम्प (16वें), जेप होडरमेकर्स (21वें) और कोएन बिजेन (35वें) ने एक एक गोल किये। नीदरलैंड ने जानसेन के गोल से शुरू में ही बढ़त बना ली।

भारतीय टीम लगातार हमलों के बावजूद पहले क्वार्टर के अंत तक गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर में नीदरलैंड ने 16वें और 21वें मिनट में दो गोल कर भारत पर दबाव बना दिया। फिर जानसेन ने 28वें मिनट में अपना दूसरा गोल दाग दिया और नीदरलैंड की टीम पहले हाफ में 4-0 से आगे हो गयी।

Also read: IND vs ENG 1st Test: हार्टले ने पहले टेस्ट में भारत को ‘हर्ट’ किया, इंग्लैंड ने 28 रन से यादगार जीत दर्ज की

दूसरे हाफ में भारत ने गोल करने की तमाम कोशिशें कीं लेकिन बिजेन ने एक और गोल कर नीदरलैंड को 5-0 से बढ़त दिला ली। फिर अभिषेक ने तीसरे क्वार्टर में गोल कर स्कोर 1-5 किया। अंतिम 15 मिनट में नीदरलैंड की रक्षात्मक पंक्ति ने भारतीयों के सभी हमलों को नाकाम किया। भारत ने भी इसके बाद अपने खिलाफ कोई गोल नहीं होने दिया।

First Published : January 28, 2024 | 7:56 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)