खेल

भारतीय महिला हॉकी 5 टीम ने मलेशिया पर 7-2 से जीत के साथ विश्व कप क्वालीफायर की शुरुआत की

मरियाना और मोनिका ने तीन मिनट के अंदर दो गोल कर मैच पर भारतीय पकड़ को मजबूत कर दिया

Published by
भाषा   
Last Updated- August 25, 2023 | 8:16 PM IST

भारत ने शुक्रवार को ओमान में मलेशिया के खिलाफ 7-2 की शानदार जीत के साथ महिला एशियाई हॉकी 5 विश्व कप क्वालीफायर में अपने अभियान की शुरुआत की।

हॉकी 5 में प्रत्येक टीम में पांच-पांच खिलाड़ी होते है और इसका मैदान नियमित फील्ड हॉकी से छोटा होता है।  भारत के लिए कप्तान नवजोत कौर (तीसरे, 28वें), अक्षता ढेकाले (चौथे), मरियाना कुजूर (17वें), मोनिका डी. टोप्पो (12वें, 20वें) और महिमा चौधरी (28वें) ने गोल किये। मलेशिया ने वान वान (सातवें) और अजीज जफिराह (11वें) गोल करने में सफल रही।

भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाना शुरू कर दिया था। मैच के तीसरे और चौथे मिनट में नवजोत और अक्षता के गोल से टीम ने 2-0 की बढ़त बना ली।

मलेशिया ने वान और जफिराह के गोल से मैच में वापसी करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया। भारत ने इसके बाद जवाबी हमला तेज किया और मोनिका के गोल से टीम ने मध्यांतर से पहले 3-2 की बढ़त बना ली।

भारत ने मैच के दूसरे हाफ में खेल की गति को बढ़ाने पर ध्यान दिया और टीम को इसका फायदा भी मिला। मरियाना और मोनिका ने तीन मिनट के अंदर दो गोल कर मैच पर भारतीय पकड़ को मजबूत कर दिया।

महिमा और नवजोत ने 28 मिनट में दो गोल कर भारतीय टीम की बढ़त को 7-2 कर दिया। भारतीय टीम का अगला मुकाबला शनिवार को जापान से है।

First Published : August 25, 2023 | 8:16 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)