खेल

Paris Olympics 2024: ओलिंपिक में जीता कांस्य पदक, मनु भाकर को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी बधाई

मनु भाकर ने रविवार को महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक के साथ पेरिस ओलिंपिक में भारत के पदक का खाता खोला।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 28, 2024 | 10:46 PM IST

Paris Olympics 2024: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलिंपिक में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत और भी खास है क्योंकि वह निशानेबाजी में पदक जीतने वाली देश की पहली महिला है। मनु भाकर ने रविवार को महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक के साथ पेरिस ओलिंपिक में भारत के पदक का खाता खोला। वह इसके साथ ही ओलिंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि उनकी उपलब्धि कई खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, ‘पेरिस ओलिंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में कांस्य पदक से भारत का पदक तालिका में खाता खोलने के लिए मनु भाकर को हार्दिक बधाई।’

उन्होंने कहा, ‘वह निशानेबाजी प्रतियोगिता में ओलिंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनकी उपलब्धि कई खिलाड़ियों और विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करेगी। मैं कामना करती हूं कि वह भविष्य में उपलब्धियों की नई ऊंचाइयों को छूएं।’

मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ ऐतिहासिक पदक।’ उन्होंने लिखा, ‘ पेरिस ओलिंपिक में भारत के लिए पहला पदक जीतने के लिए मनु भाकर को बधाई। कांस्य (पदक) के लिए बधाई।’ उन्होंने कहा, ‘यह सफलता इसलिए और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। कमाल की उपलब्धि।’

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा, ‘गर्व का पल, मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक के साथ पेरिस ओलिंपिक में भारत का पहला पदक जीता। उन्होंने लिखा, ‘मनु को बधाई, आपने अपना कौशल और समर्पण दिखाया है। आप ओलिंपिक पदक जीतने वाली पहली महिला निशानेबाज बन गई हैं।’

निशानेबाजी में स्वर्ण जीतने वाले इकलौते भारतीय अभिनव बिंद्रा ने कहा कि इस 22 साल की निशानेबाज के अथक समर्पण, कड़ी मेहनत और जुनून ने सचमुच रंग दिखाया। महान क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर ने कहा, ‘पदक तालिका में बेहतरीन और निशानेबाजी में बेहतरीन। पेरिस ओलिंपिक में भारत के लिए पहला पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई।’ उन्होंने कहा, ‘टोक्यो में दिल टूटने के बाद आपने पेरिस 2024 में कांस्य पदक जीतने के लिए अपार शक्ति और दृढ़ संकल्प दिखाया और भारत को गौरवान्वित किया।’

खेल प्रशासक नीता अंबानी ने इसे अविश्वसनीय पल करार करते हुए कहा, ‘हमारी सबसे कम उम्र की महिला निशानेबाज ने कांस्य पदक के साथ पेरिस 2024 ओलिंपिक में भारत का खाता खोला। बधाई हो, मनु भाकर। ओलिंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल जीतने वाली पहली भारतीय महिला और ऐसा करने वाली हमारी सबसे कम उम्र की भारतीय निशानेबाज बनकर आपने इतिहास रच दिया।’

First Published : July 28, 2024 | 10:45 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)