आज का अखबार

मैकलॉयड रसेल के बोर्ड से अमृतांशु खेतान का इस्तीफा, प्रवर्तक परिवार में बदलाव के संकेत

बृज मोहन खेतान के पोते अमृतांशु साल 2015 में अपने पिता दीपक खेतान के निधन के बाद मैकलॉयड रसेल के निदेशक मंडल और समूह की दूसरी कंपनियों में शामिल हुए थे।

Published by
ईशिता आयान दत्त   
Last Updated- March 18, 2026 | 10:07 PM IST

देश की सबसे बड़ी बल्क चाय उत्पादक मैकलॉयड रसेल इंडिया के प्रवर्तक परिवार के सदस्य अमृतांशु खेतान ने कंपनी के निदेशक मंडल (बोर्ड) से इस्तीफा दे दिया है। बुधवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में मैकलॉयड रसेल इंडिया ने बताया कि गैर-कार्यकारी निदेशक खेतान ने व्यक्तिगत कारणों और दूसरी प्रतिबद्धताओं की वजह से 17 मार्च, 2026 को मेल/पत्र के जरिये अपना इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा 17 मार्च से लागू होगा।

इस कदम को बड़े स्तर पर प्रवर्तक समूह के भीतर परिचालन नियंत्रण और प्रशासन को अलग करने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। शेयर बाजार को दी गई सूचना के अनुसार खेतान के इस्तीफे में कहा गया, ‘हालांकि मैं प्रवर्तक परिवार का सदस्य हूं, लेकिन निदेशक मंडल में मेरी भूमिका हमेशा गैर-कार्यकारी निदेशक तक ही सीमित रही है। जानकारी तक मेरी पहुंच सिर्फ उतनी ही रही है, जितनी निदेशक मंडल की सामान्य कार्यवाही के दौरान निदेशक मंडल को दी जाती थी।’

इसमें आगे कहा गया, ‘स्पष्टता के लिए मैं यह बात रिकॉर्ड पर रखना चाहता हूं कि मैं कंपनी के रोजाना के प्रबंधन, परिचालन मामलों या कार्यकारी फैसले लेने में शामिल नहीं रहा हूं, न ही मैंने इसमें हिस्सा लिया है।’ इसमें यह भी कहा गया कि इस्तीफा उनका निजी फैसला था ताकि वह दूसरे क्षेत्रों पर ध्यान दे सकें और समय संबंधी प्रतिबद्धता का ज्यादा बेहतर ढंग से प्रबंध कर सकें और ‘इसे कंपनी के मामलों, प्रबंधन या परिचालन से जुड़ा हुआ नहीं माना जाना चाहिए।’ अलबत्ता परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि अमृतांशु मैकलॉयड रसेल के प्रवर्तक बने रहेंगे।

बृज मोहन खेतान के पोते अमृतांशु साल 2015 में अपने पिता दीपक खेतान के निधन के बाद मैकलॉयड रसेल के निदेशक मंडल और समूह की दूसरी कंपनियों में शामिल हुए थे।

First Published : March 18, 2026 | 10:02 PM IST