आज का अखबार

मई में ऑटो सेक्टर ने रचा इतिहास! कार, स्कूटर और SUV की रिकॉर्ड बिक्री ने तोड़े सारे पुराने रिकॉर्ड

मई 2026 में भारत के ऑटो सेक्टर ने रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की, जहां SUV, स्कूटर और छोटी कारों की मजबूत मांग ने उद्योग को नई ऊंचाई पर पहुंचाया।

Published by
सोहिनी दास   
Last Updated- June 16, 2026 | 7:47 AM IST

देश के वाहन उद्योग ने यात्री वाहनों, दोपहिया और तिपहिया की बिक्री में मई का अपना अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। यात्री वाहन श्रेणी में छोटी कारों की तेजी से वापसी हुई है जबकि स्पोर्ट यूटिलिटी वाहनों (एसयूवी) की लगातार मजबूती ने इस वृद्धि को बढ़ावा दिया। दोपहिया वाहनों में स्कूटरों और निर्यात ने इस रफ्तार को आगे बढ़ाया।

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सायम) ने सोमवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि मई 2026 में यात्री वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 27.3 प्रतिशत बढ़कर 4,38,854 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।

यह सुधार विशेष रूप से शुरुआती स्तर वाली और कॉम्पैक्ट कारों में दिखाई दिया। ये ऐसी श्रेणियां हैं जो पिछले कुछ वर्षों से उपभोक्तओं की एसयूवी के प्रति बढ़ती पसंद के बीच दबाव में थीं। मारुति सुजूकी की ऑल्टो और एस-प्रेसो के नेतृत्व में छोटी कारों की बिक्री पिछले साल की 6,776 के मुकाबले मई में दोगुनी से अधिक बढ़कर 16,275 हो गई। कॉम्पैक्ट कारों की बिक्री में लगभग 22 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 1,00,459 वाहन हो गई।

प्राइमस पार्टनर्स के प्रबंध निदेशक अनुराग सिंह ने कहा, ‘ऑल्टो और एस-प्रेसो जैसी शुरुआती स्तर वाली छोटी कारों की बिक्री में पिछले साल की तुलना में मई में दोगुनी से अधिक की वृद्धि हुई है। इस बढ़ी हुई मांग का एक बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्रों से आ रहा है, जहां कीमत मायने रखती है और सादगी पसंद की जाती है। लेकिन यह श्रेणी अभी भी कुल यात्री वाहन बाजार का 5 प्रतिशत से भी कम है। यह उद्योग के लिए अच्छा संकेत है कि भारतीय ग्राहक केवल बुनियादी वाहनों के बजाय अधिक प्रीमियम वाहनों को तरजीह दे रहे हैं।’

इसी के साथ एसयूवी ने उद्योग की वृद्धि में अपना दबदबा बनाए रखा। यूटिलिटी वाहनों की बिक्री इस महीने 24.8 प्रतिशत बढ़कर 2,45,549 हो गई। इनमें क्रेटा, सेल्टोस, ग्रैंड विटारा, हाईराइडर और मझोले आकार के अन्य एसयूवी जैसे मॉडलों की जोरदार मांग देखी गई। केवल मझोले आकार वाली एसयूवी श्रेणी में ही पिछले साल दर्ज 56,452 वाहन बिक्री की तुलना में 83,965 गाड़ियों की बिक्री दर्ज की गई।

हालांकि सिडैन श्रेणी दबाव में रही। ह्युंडै वेरना, फोक्सवैगन वर्चुअस, स्कोडा स्लाविया और होंडा सिटी समेत मझोले आकार की सिडैन कारों की बिक्री पिछले साल की मई के मुकाबले 10.5 प्रतिशत गिरावट आई और यह 4,049 वाहन रह हो गई। इससे कीमतों के विभिन्न स्तर पर एसयूवी की ओर खरीदारों के लगातार रुख का पता चलता है। उत्पादन की बात करें तो यात्री वाहन उत्पादन 10.9 प्रतिशत बढ़कर 4,32,050 हो गया, जबकि निर्यात 13.2 प्रतिशत बढ़कर 76,051 हो गया।

दोपहिया वाहन उद्योग ने भी मई में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की। घरेली बाजार में पिछले साल के मुकाबले बिक्री 14.8 प्रतिशत बढ़ी और 19 लाख वाहन हो गई, जबकि उत्पादन 12.9 प्रतिशत बढ़कर 23.8 लाख हो गया। स्कूटरों ने शानदार प्रदर्शन किया और घरेलू बिक्री 27.4 प्रतिशत बढ़कर वाहन 739,667 हो गई। इसके विपरीत मोटरसाइकलों की बिक्री 7.2 प्रतिशत बढ़कर 11.1 लाख हो गई, जो समूचे उद्योग की वृद्धि से काफी कम है।

First Published : June 16, 2026 | 7:47 AM IST