आज का अखबार

कमर्शियल LPG और ATF की कीमतों में बढ़ोतरी, विमानन व उपभोक्ता सेक्टर पर लागत का दबाव बढ़ा

प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज फिर बढ़ोतरी हुई, जबकि नियमित ईंधन की कीमतें अपरिवर्तित रहीं

Published by
शुभांगी माथुर   
दीपक पटेल   
Last Updated- April 01, 2026 | 10:27 PM IST

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईंधन की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर तेल विपणन कंपनियों ने विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में वृद्धि की है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने घरेलू विमानन कंपनियों के लिए 1 अप्रैल से नई दिल्ली में एटीएफ की कीमत 8.5 फीसदी बढ़ाकर 1.05 लाख रुपये प्रति किलोलीटर कर दी है जो मार्च में 96,638 रुपये प्रति किलोलीटर थी।

बुधवार तड़के इंडियन ऑयल ने वैश्विक कीमतों के अनुरूप एटीएफ की कीमतों में 100 फीसदी से अधिक की वृद्धि कर 2.07 लाख रुपये प्रति किलोलीटर कर दिया था। बाद में सरकार ने कहा कि घरेलू हवाई यात्रा की लागत को कम रखने के लिए विमानन कंपनियों को केवल 25 फीसदी यानी 15 रुपये प्रति लीटर की आंशिक वृद्धि का बोझ वहन करना होगा।

मगर विदेशी मार्गों पर चलने वाली विमानन कंपनियों को एटीएफ कीमतों में पूरी वृद्धि का भुगतान करना होगा। दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन करने वाली विमानन कंपनियों के लिए एटीएफ की कीमत 107 फीसदी बढ़कर 1,690.81 डॉलर प्रति किलोलीटर हो गई।

पेट्रोलियम मंत्रालय और विमानन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने विमान ईंधन की कीमतों में और वृद्धि की संभावना पर टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि ऐसे वाणिज्यिक निर्णय तेल विपणन कंपनियों के अधिकार क्षेत्र में हैं। विमान ईंधन की लागत भारतीय विमानन कंपनियों की कुल परिचालन लागत का 40 फीसदी से अधिक होता है। तेल विपणन कंपनियां आम तौर पर हर महीने की पहली तारीख को विमान ईंधन की कीमतों में बदलाव करती हैं। 

विमानन कंपनियों ने एटीएफ की कीमतों में वृद्धि को नियंत्रित करने के सरकारी कदम का स्वागत किया है। एयर इंडिया ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस फैसले से विमानन क्षेत्र को राहत मिली है। 

इंडिगो ने कहा कि इससे विमानन कंपनियों के लिए स्थिरता बेहतर होगी और यात्रियों को सस्ती यात्रा के जरिये लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।  विमान ईंधन की कीमतों में वृद्धि के साथ इंडिगो 2 अप्रैल से घरेलू टिकटों पर 275 रुपये से 950 रुपये तक का संशोधित ईंधन शुल्क लेगी। वह अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट पर ईंधन शुल्क के तौर पर 900 रुपये से 10,000 रुपये तक वसूलेगी।

स्पाइसजेट के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा कि एटीएफ की कीमतों में आंशिक वृद्धि वैश्विक अनिश्चितता के बीच बड़ी राहत है। अकासा एयर ने भी कहा कि इससे स्थिर परिचालन परिवेश तैयार करने में मदद मिलेगी।

तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 195.50 रुपये की भारी वृद्धि की भी घोषणा की है। अब 19 किलोग्राम के सिलिंडर की कीमत नई दिल्ली में 2,078.50 रुपये हो गई है। सरकार ने कहा कि वाणिज्यिक सिलिंडर की कीमत में वृद्धि सऊदी अनुबंध मूल्य में 44 फीसदी की वृद्धि के कारण हुई है जो मार्च में 542 डॉलर प्रति मिलियन टन (एमटी) से बढ़कर अप्रैल के लिए 780 डॉलर प्रति एमटी हो गया है। 

घरेलू सिलिंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। नई दिल्ली में 14.2 किलोग्राम सिलिंडर के दाम 913 रुपये पर अपरिवर्तित हैं। मौजूदा कीमतों पर तेल विपणन कंपनियों को प्रति सिलिंडर 380 रुपये का नुकसान हो रहा है। मई के आ​खिर तक उनका कुल नुकसान लगभग 40,484 करोड़ रुपये तक पहुंचने की आशंका है। 

प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज फिर बढ़ोतरी हुई, जबकि नियमित ईंधन की कीमतें अपरिवर्तित रहीं।

First Published : April 1, 2026 | 10:24 PM IST