Prime Minister Narendra Modi (File Pic)
केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के 12 वर्ष पूरा होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार लोगों का भरोसा कायम रखने, विकास और जन-कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के लिए उनकी सरकार ने लगातार काम किया है। दूसरी तरफ, विपक्षी कांग्रेस ने कहा कि 12 साल का कार्यकाल ‘प्रचार’ और ‘गरीब-विरोधी नीतियों’ वाला रहा है। पार्टी ने कहा कि सरकार को कच्चे तेल की बढ़ी हुई कीमतों का बोझ खुद उठाना चाहिए, न कि उसे जनता पर लादना चाहिए।
राजग के नेता (जिनमें मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री शामिल हैं) केंद्र में गठबंधन सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को राजधानी में एकत्र होंगे। वे मोदी का सम्मान भी करेंगे क्योंकि उन्होंने 26 मई, 2014 से 10 जून, 2026 तक देश के प्रधानमंत्री के तौर पर 4,400 दिन पूरे किए हैं। यह आंकड़ा भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 1952 से मई 1964 में उनके देहांत तक 4,399 दिनों के रिकॉर्ड से ज्यादा है। पत्र सूचना कार्यालय ने कहा कि मोदी के कुछ समकक्षों ने उनके भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने की पूर्व संध्या पर बधाई संदेश भेजे।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मरापे और त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। सितंबर 1946 में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष नेहरू अंतरिम प्रधानमंत्री बने। ऐसा तब हुआ जब कांग्रेस ने 1946 के प्रांतीय विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत हासिल की और वायसराय ने उसे अंतरिम सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। नेहरू ने 5 अगस्त, 1947 को स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली।