Representative image
बेंगलूरु की इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) निर्माता सिंपल एनर्जी भी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की योजना बनाने वाली दोपहिया कंपनियों की सूची में शामिल हो गई है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कंपनी का वित्त वर्ष 2027-28 की दूसरी छमाही में आईपीओ लाने का इरादा है।
यह कदम ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (अगस्त 2024) और एथर एनर्जी (अप्रैल 2025) के सफल आईपीओ के बाद आएगा। ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को भी बाजार नियामक सेबी से आईपीओ की मंजूरी मिल चुकी है। सिंपल एनर्जी ने वित्त वर्ष 2029-30 तक 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व का लक्ष्य रखा है।
कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुहास राजकुमार ने कहा, ‘हम वित्त वर्ष 2027-28 की दूसरी छमाही देख रहे हैं। मौजूदा बाजार परिस्थितियों के कारण हमारी योजना में थोड़ी देर हो गई है। हमें लगता है कि एक साल में आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह से तैयार हो जाएगी।’
रविवार को कंपनी ने अपनी सीरीज बी फंडिंग के दौर के समापन की घोषणा की। इस दौर में डेट और इक्विटी से कुल 250 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। इस दौर का नेतृत्व अरोक्यास्वामी वेलुमणि के फैमिली ऑफिस ने किया। साथ ही सिंपल एनर्जी के संस्थापक और सीईओ सुहास राजकुमार और सह-संस्थापक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी अंकित गुप्ता ने भी इसमें हिस्सा लिया।
डेट साझेदारों में एचडीएफसी बैंक और कैपिटल वेंचर्स शामिल हैं जबकि अन्य गैर वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) से 123 करोड़ रुपये जुटाए गए।