आज का अखबार

विवादित पोस्ट के बाद ट्रंप का यू-टर्न, भारत को बताया महान देश

दूतावास के अनुसार राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत एक महान देश है और इसका नेतृत्व उनके बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं।

Published by
अर्चिस मोहन   
Last Updated- April 24, 2026 | 8:49 AM IST

अमेरिकी राजनीतिक टिप्पणीकार और रेडियो प्रस्तोता माइकल सैवेज के पॉडकास्ट में भारत, चीन और कुछ अन्य देशों को ‘नरक का द्वार’ बताने जैसी नस्लवादी टिप्पणी को राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने दोबारा पोस्ट कर विवाद खड़ा कर दिया। हालांकि नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास ने कुछ ही घंटों बाद गुरुवार शाम को विवादास्पद पोस्ट से हुए नुकसान की भरपाई करने की कोशिश की।

दूतावास के अनुसार राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत एक महान देश है और इसका नेतृत्व उनके बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं। दूतावास के प्रवक्ता का बयान भारतीय मीडिया के उन सवालों के जवाब में आया, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा सोशल मीडिया पर की गई रीपोस्ट से पैदा हुए विवाद के बारे में पूछा गया था। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रंप ने भारत को महान बताने वाला यह बयान कब और कहां दिया। इससे पहले दिन में विपक्षी दल कांग्रेस ने अमेरिका से आई इन आपत्तिजनक टिप्पणियों को उठाया था।

First Published : April 24, 2026 | 8:49 AM IST