कंपनियां

मुंबई में दो ट्रांसमिशन लाइन बनाएगी Adani Electricity, करेगी 2 हजार करोड़ रुपये का निवेश

इन दो नई ट्रांसमिशन लाइन में मेगालोपोलिस के उत्तरपूर्वी उपनगर में 84 सीकेएम खारघर (नवी मुंबई में) विखरोली लाइन और ठाणे-आरे कॉलोनी लाइन शामिल हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 20, 2023 | 6:25 PM IST

अदाणी ग्रुप (Adani Group) की कंपनी अडाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई में अपने नेटवर्क को मजबूत करने उद्देश्य से शहर में दो नई ट्रांसमिशन लाइन बनाने के लिए 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रही है। कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यह 2027 तक शहर के लिए जरूरी बिजली का 60 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा से प्राप्त करके उसे अधिक हरित बनाने की दिशा में एक कदम है।

इन दो नई ट्रांसमिशन लाइन में मेगालोपोलिस के उत्तरपूर्वी उपनगर में 84 सीकेएम खारघर (नवी मुंबई में) विखरोली लाइन और ठाणे-आरे कॉलोनी लाइन शामिल हैं। विखरोली लाइन 2025 तक तैयार हो जाएगी।

नाम उजागर ना करने की शर्त पर कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “उम्मीद है कि इस साल अक्टूबर से योजना पर काम शुरू हो जाएगा। ठाणे लाइन पर काम पहली लाइन के बाद शुरू होगा और 2027 में यह चालू होगी।”

कंपनी अपनी मूल कंपनी अडाणी ट्रांसमिशन की परियोजनाओं के जरिए अंतरराष्ट्रीय ऋणदाताओं से 1,700 करोड़ रुपये का कर्ज हासिल करने में पिछले सप्ताह सफल रही थी। उन्होंने कहा, “हम इसके लिए 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेंगे, जिसमें से 1,700 करोड़ रुपये वित्त पोषित ऋण होंगे।”

First Published : August 20, 2023 | 6:25 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)