कंपनियां

Adani Group ने समाचार एजेंसी IANS में बहुलांश हिस्सेदारी का किया अधिग्रहण

अदाणी एंटरप्राइजेज ने शेयर बाजार को बताया कि उसकी अनुषंगी एएमजी मीडिया नेटवर्क लिमिटेड (एएमएनएल) ने आईएएनएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के 50.50 प्रतिशत इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण

Published by
भाषा   
Last Updated- December 16, 2023 | 1:55 PM IST

उद्योगपति गौतम अदाणी के समूह ने मीडिया क्षेत्र में अपना विस्तार करते हुए समाचार एजेंसी आईएएनएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में बहुलांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है। हालांकि, सौदे की राशि का अभी खुलासा नहीं हुआ है। अदाणी एंटरप्राइजेज ने शेयर बाजार को बताया कि उसकी अनुषंगी एएमजी मीडिया नेटवर्क लिमिटेड (एएमएनएल) ने आईएएनएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के 50.50 प्रतिशत इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण किया है।

अदाणी ने पिछले साल मार्च में क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया का अधिग्रहण करते हुए मीडिया व्यवसाय में कदम रखा था, डिजिटल मीडिया मंच बीक्यू प्राइम का संचालन करता है। इसके बाद दिसंबर में एएमएनएल ने प्रसारणकर्ता एनडीटीवी में लगभग 65 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की।

शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक, “एएमएनएल ने आईएएनएस और आईएएनएस के एक शेयरधारक संदीप बामजई के साथ आईएएनएस के संबंध में एक शेयरधारक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।”

वित्त वर्ष 2022-23 में आईएएनएस की आमदनी 11.86 करोड़ रुपये थी। इसमें कहा गया, “आईएएनएस का सभी परिचालन और प्रबंधन नियंत्रण एएमएनएल के पास होगा। एएमएनएल के पास आईएएनएस के सभी निदेशकों को नियुक्त करने का अधिकार भी होगा।”

First Published : December 16, 2023 | 1:55 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)