कंपनियां

Adani Group अगले 10 साल में ग्रीन एनर्जी पर करेगा 100 अरब डॉलर का निवेश

समूह संचालन का विद्युतीकरण का रहा है और जैव ईंधन को अपना रहा है। इसके साथ ही ‘वेस्ट हीट रिकवरी’ और ऊर्जा भंडारण प्रौद्योगिकियों को तैनात कर रहा है।

Published by
भाषा   
Last Updated- December 13, 2023 | 3:22 PM IST

उद्योगपति गौतम अदाणी कर अगुवाई वाला अदाणी समूह अगले 10 साल में अपने बंदरगाह, बिजली और सीमेंट परिचालन में हरित ऊर्जा बदलाव के लिए 100 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगा। समूह का लक्ष्य 2050 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जक बनना है।

समूह की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘‘ ऊर्जा बदलाव हासिल करने की दिशा में उसकी कंपनियां अगले दशक में 100 अरब डॉलर का निवेश करेंगी। इसमें से 70 प्रतिशत निवेश स्वच्छ ऊर्जा के लिए होगा।’’

समूह ने अपनी पांच कंपनियों अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड, एसीसी और अंबुजा सीमेंट्स के लिए 2050 या उससे पहले शुद्ध शून्य उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने की योजना बनाई है। उद्योगपति गौतम अदाणी नीत समूह सक्रिय रूप से नवीकरणीय ऊर्जा की ‘सोर्सिंग’ कर रहा है।

समूह संचालन का विद्युतीकरण का रहा है और जैव ईंधन को अपना रहा है। इसके साथ ही ‘वेस्ट हीट रिकवरी’ और ऊर्जा भंडारण प्रौद्योगिकियों को तैनात कर रहा है। वित्त वर्ष 2023-24 की पहली छमाही के लिए अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस की अनुषंगी कंपनी अदाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई ने समग्र मिश्रण में अपनी नवीकरणीय ऊर्जा (आरई) हिस्सेदारी को प्रभावशाली 38.3 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस को अग्रणी ईएसजी वैश्विक प्रदर्शन रेटिंग एजेंसी सीएसआरएचयूबी से 86 प्रतिशत अंक मिले हैं।

यह भी पढ़ें : Adani Group की पहली छमाही में जबरदस्त कमाई, प्रॉफिट 47% बढ़कर 43,688 करोड़ रुपये पर पंहुचा

इसके साथ ही एईएसएल का स्कोर 911 कंपनियों के इलेक्ट्रिक तथा गैस यूटिलिटीज उद्योग के औसत से आगे रहा। अदाणी पोर्ट 2040 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जक बनने की राह पर है। वित्त वर्ष 2023-24 की पहली छमाही में इसने कुल ऊर्जा मिश्रण में नवीकरणीय ऊर्जा की 15 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की। ऊर्जा उत्सर्जन 48 प्रतिशत रहा।

अदाणी एंटरप्राइजेज अपनी कम लागत वाली एकीकृत हरित हाइड्रोजन परियोजना के हिस्से के रूप में 10 गीगावॉट सौर पैनल, 10 गीगावॉट पवन टर्बाइन और पांच गीगावॉट हाइड्रोजन इलेक्ट्रोलाइजर विकसित करने के लक्ष्य के साथ तीन गीगा-कारखानों का निर्माण कर रही है।

अदाणी समूह ने कॉर्बन उत्सर्जन में कटौती पर अधिक जोर देने के लिए 2030 तक 10 करोड़ पेड़ लगाने का वादा भी किया है।

First Published : December 13, 2023 | 3:08 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)