कंपनियां

Adani Ports Q4 Results: मुनाफा 10% बढ़कर ₹3,329 करोड़ पहुंचा, ₹7.5 डिविडेंड का ऐलान

बिजनेस के मोर्चे पर बात करें तो कंपनी की आय में 26.5 प्रतिशत का उछाल आया है और यह 10,737 करोड़ रुपये रही। वहीं, EBITDA 31 प्रतिशत बढ़कर 6,559 करोड़ रुपये दर्ज किया गया

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- April 30, 2026 | 3:16 PM IST

अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड (APSEZ) ने मार्च तिमाही के रिजल्ट का ऐलान कर दिया है। स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, बीती तिमाही कंपनी का सालाना आधार पर मुनाफा (Consolidated Net Profit) 10.4 प्रतिशत बढ़कर 3,329 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी की इस मजबूत ग्रोथ का असर उसके डिविडेंड पर भी दिखा है। मैनेजमेंट ने 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 7.5 रुपये के डिविडेंड की सिफारिश की है।

बिजनेस के मोर्चे पर बात करें तो कंपनी की आय में 26.5 प्रतिशत का उछाल आया है और यह 10,737 करोड़ रुपये रही। वहीं, कामकाजी मुनाफा यानी EBITDA 31 प्रतिशत बढ़कर 6,559 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। कंपनी के ऑपरेशनल प्रदर्शन में भी सुधार हुआ है, जिससे इसका EBITDA मार्जिन पिछले साल के 59 प्रतिशत से बढ़कर अब 61.1 प्रतिशत हो गया है।

कार्गो वॉल्यूम में रिकॉर्ड बढ़त और कंपनी का फ्यूचर प्लान

अदाणी पोर्ट्स ने कार्गो हैंडलिंग में नया रिकॉर्ड बनाया है। पिछले साल के मुकाबले कंपनी का कार्गो वॉल्यूम 13 प्रतिशत बढ़कर 133.4 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) पहुंच गया। हालांकि, कंपनी की मार्केट हिस्सेदारी में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। ऑल इंडिया मार्केट शेयर 26.3 प्रतिशत से घटकर 26 प्रतिशत रह गया, जबकि कंटेनर मार्केट शेयर 46.3 प्रतिशत से कम होकर 45.2 प्रतिशत पर आ गया।

Also Read: Adani Power Q4FY26 results: मुनाफा 64% उछलकर ₹4,271 करोड़ पर, रेवेन्यू लगभग स्थिर

कंपनी के CEO अश्वनी गुप्ता ने बताया कि अदाणी पोर्ट्स ने वित्त वर्ष 2026 के लिए तय किए गए अपने टारगेट को पार कर लिया है। अब कंपनी की नजर आने वाले वर्षों में बड़े विस्तार पर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 43,000 से 45,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा, कंपनी दिसंबर 2030 तक एक अरब टन कार्गो हैंडलिंग हासिल करना चाहती है। इसी के दम पर FY31 तक रेवेन्यू और EBITDA को दोगुना करने की योजना बनाई गई है।

ग्लोबल मार्केट और लॉजिस्टिक्स में दमदार प्रदर्शन

अदाणी पोर्ट्स का कारोबार अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी कंपनी तेजी से विस्तार कर रही है। कोलंबो के CWIT टर्मिनल और ऑस्ट्रेलिया के NQXT के जुड़ने से कंपनी के इंटरनेशनल पोर्ट्स के रेवेन्यू में 34 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, लॉजिस्टिक्स कारोबार में 55 प्रतिशत की मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई। कंपनी के बेड़े में अब 136 जहाज शामिल हैं, जिसकी मदद से मरीन सेगमेंट का रेवेन्यू 134 प्रतिशत बढ़ा है।

कर्ज को संभालने के मामले में भी अदाणी पोर्ट्स की स्थिति मजबूत दिख रही है। कंपनी ने मार्च 2026 और अगस्त 2025 में बॉन्ड बायबैक प्रोग्राम चलाकर अपना कर्ज घटाया है। फिलहाल कंपनी पर कुल 55,103 करोड़ रुपये का कर्ज है, जबकि उसके पास 12,193 करोड़ रुपये का कैश मौजूद है। कंपनी का नेट डेट-टू-EBITDA रेशियो 1.9x है, जिसे मजबूत स्थिति का संकेत माना जाता है।

First Published : April 30, 2026 | 3:00 PM IST