कंपनियां

बेंगलूरु, पुणे और हैदराबाद में एआई का जलवा, ऑफिस स्पेस की मांग आसमान छू रही!

एआई टेक्नोलॉजी कंपनियों के विस्तार ने बड़े शहरों के ऑफिस मार्केट की मांग में नई रफ्तार ला दी है।

Published by
प्राची पिसल   
Last Updated- March 09, 2026 | 8:12 AM IST

आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) देश के ऑफिस मार्केट के लिए मांग की नई संचालक के तौर पर उभर रही है। एआई पर जोर देने वाली तकनीकी कंपनियां सक्रियता के साथ नए कार्यालय स्थलों का पट्टा ले रही हैं और स्थापित आईटी कंपनियां एआई में निवेश बढ़ाते हुए अपनी मौजूदगी का विस्तार कर रही हैं।

उद्योग के अधिकारियों का कहना है कि यह चलन बड़े शहरों के ऑफिस मार्केट तेजी से दिख रहा है। खास तौर पर बेंगलूरु, हैदराबाद और पुणे में, जहां तकनीक क्षेत्र की वैश्विक कंपनियों के साथ ही एआई-फर्स्ट स्टार्टअप कंपनियां भी अपनी टीमों का विस्तार कर रही हैं और बड़े कार्यालय स्थल हासिल कर रही हैं।

टेबल स्पेस के चेयरपर्सन और सह-मुख्य कार्य अधिकारी करण चोपड़ा ने कहा कि कंपनी ने पिछले तीन महीने के दौरान कई एआई तकनीक वाली कंपनियों के साथ करार किया है और लीज का आकार 50,000 से लेकर 1,00,000 वर्ग फुट के बीच है, जो मोटे तौर पर बेंगलूरु और हैदराबाद में हैं।

टेबल स्पेस वर्तमान में अपनी इकाइयों में लगभग 40 एआई कंपनियों को जगह उपलब्ध कराती है। इन कंपनियों की मदद के लिए स्मार्ट वर्कस्टेशन और इंटेलिजेंट बिल्डिंग प्रणाली जैसे एआई और आईओटी सक्षम बुनियादी ढांचे को शामिल कर रही है। चोपड़ा ने बताया, ‘एक प्रमुख एआई ब्रांड ने तीन साल की अवधि के दौरान हमारे साथ अपनी मौजूदगी को दोगुना से भी अधिक कर लिया।’

डेवएक्स के प्रबंध निदेशक उमेश उत्तमचंदानी ने कहा, ‘एआई को बड़े स्तर पर अपनाने की वजह से हमारे मौजूदा ग्राहक बहुत अधिक उत्पादक हो रहे हैं। हम देख रहे हैं कि बेहतर उत्पादकता संगठनों को विकास ज्यादा उत्साही और आशावादी बना रही है। इससे उन्हें और अधिक कार्यालय स्थल लेने की प्रेरणा मिल रही है। कई आईटी कंपनियां अपनी शुरुआती योजनाओं की तुलना में हमसे अतिरिक्त जगह पट्टे पर लेने की सोच रही हैं।’

एनारॉक ग्रुप में प्रबंध निदेशक (वाणिज्यिक पट्टेदारी और परामर्श) पीयूष जैन ने कहा कि एलऐंडटी टेक्नॉलजी सर्विसेज, एलटीआई माइंडट्री और ग्लोबल क्लाउड तथा सर्च क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों जैसे कई बड़े तकनीकी और जीसीसी के विस्तार में बेंगलूरु, पुणे, हैदराबाद और चेन्नई के एआई और इंजीनियरिंग हब शामिल हैं। फ्लेक्स परिचालकों ने एस्पर डॉट एआई टेक्नॉलजीज और एटफोल्ड एआई इंडिया जैसे एआई प्लेटफॉर्मों के साथ मझौले आकार वाले ऑफिसों के लिए समझौते किए हैं।

जैन ने यह भी कहा कि वीवर्क इंडिया, इंडिक्यूब, टेबल स्पेस, इनक्यूस्पेज और अन्य फ्लेक्स परिचालकों ने बेंगलूरु, पुणे और हैदराबाद में एआई-फर्स्ट स्टार्टअप के साथ कई समझौते किए हैं, जो आम तौर पर 50 से 700 सीटों वाले हैं।

First Published : March 9, 2026 | 8:12 AM IST