कंपनियां

Air India की फ्लाइट 24 घंटे लेट, बिना AC बेहोश होने लगे यात्री, DGCA ने भेजा नोटिस

Air India की दोनों उड़ानें केबिन के भीतर तापमान नियंत्रित न होने की वजह से काफी देरी से संचालित हुई थीं और यात्रियों को बहुत असुविधा का सामना करना पड़ा था।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 31, 2024 | 4:08 PM IST

विमानन क्षेत्र के नियामक डीजीसीए ने दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अत्यधिक देरी और यात्रियों की समुचित देखभाल में नाकाम रहने के लिए शुक्रवार को एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस नोटिस में 30 मई को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को की उड़ान एआई 183 और 24 मई को मुंबई से सैन फ्रांसिस्को की उड़ान एआई 179 के परिचालन में हुए अनावश्यक विलंब का जिक्र करते हुए जवाब मांगा है।

एयर इंडिया की दोनों उड़ानें केबिन के भीतर तापमान नियंत्रित न होने की वजह से काफी देरी से संचालित हुई थीं और यात्रियों को बहुत असुविधा का सामना करना पड़ा था। एक अधिकारी ने कहा कि नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उड़ानों में देरी और यात्रियों को हुई असुविधा के इस मामले का संज्ञान लिया है। उसी के बाद एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।

डीजीसीए ने नोटिस में कहा कि एयर इंडिया के खिलाफ कई बार यात्री सुविधा से जुड़े मानकों का ध्यान न रखे जाने के मामले उसके संज्ञान में आ चुके हैं। डीजीसीए ने कहा, “एयर इंडिया बार-बार यात्रियों का ध्यान रख पाने में नाकाम हो रही है। वह यात्रियों को एयरलाइंस की तरफ से दी जाने वाली सुविधाओं के प्रावधानों का भी पालन नहीं कर रही है। एयर इंडिया को यह बताना होगा कि उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।”

First Published : May 31, 2024 | 3:55 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)