कंपनियां

Air India लगातार कर रही अपने नेटवर्क का विस्तार, 12 और विमान लीज पर लिए

Published by
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया
Last Updated- December 05, 2022 | 7:23 PM IST

टाटा समूह (Tata Group) की एयरलाइन एयर इंडिया (Air India) ने 12 विमान पट्टे (लीज) पर लिए हैं। इनमें ए 320 नियो और बोइंग 777 दोनों विमान शामिल हैं। इन विमानों को एयरलाइन के बेड़े में 2023 की पहली छमाही में शामिल किए जाने की उम्मीद है। कंपनी ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

बयान के अनुसार, नए विमानों को एयरलाइन के छोटे, मध्यम और लंबे मार्गों के लिए तैनात किया जाएगा। एयर इंडिया ने कहा कि इस साल जनवरी में अपने निजीकरण के बाद उसने 42 विमान पट्टे पर लिए हैं। बयान में कहा गया है कि पट्टे पर लिए गए 12 नए विमानों में से छह बोइंग 777-300ईआर है जबकि शेष छह एयरबस ए320 नियो हैं। एयरलाइन ने इस साल सितंबर में घोषणा की थी कि वह 15 महीने में अपने बेड़े में पट्टे पर लिए गए 30 विमान जोड़ेगी। इनमें – 21 ए320, चार ए321 और पांच बी777-200एलआर विमान शामिल हैं।

यह भी पढ़े: Apple जल्द Samsung को पछाड़ बन जाएगी भारत की सबसे बड़ी स्मार्टफोन निर्यातक !

एयर इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्याधिकारी (CEO) कैंपबेल विल्सन ने कहा, ‘हमारे नेटवर्क का विस्तार एयर इंडिया के विहान.एआई परिवर्तन यात्रा का एक अनिवार्य हिस्सा है। हम घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संपर्क और उड़ानों के फेरे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

First Published : December 5, 2022 | 7:23 PM IST