कंपनियां

Air India 40 करोड़ डॉलर के निवेश से विमानों के पुराने बेड़े को करेगी अपग्रेड

Published by
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया
Last Updated- December 08, 2022 | 7:28 PM IST

विमानन कंपनी एयर इंडिया (Air India) ने गुरुवार को कहा कि उसकी 40 बोइंग विमानों वाले अपने पुराने बेड़े के नवीनीकरण पर 40 करोड़ डॉलर (करीब 3,295 करोड़ रुपये) का निवेश करने की योजना है। एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि 27 बोइंग बी787-800 विमानों और 13 बी777 विमानों वाले अपने दोनों बेड़ों को नए जैसा बनाने के लिए उसने लंदन स्थित कंपनियों- जेपीए डिजाइन और ट्रेंडवर्क्स को जिम्मा सौंपा है।

पूरी तरह बदल जाएगा विमान का इंटीरियर

नवीनीकरण अभियान के तहत चौड़े आकार वाले इन पुराने विमानों के मौजूदा ‘इंटीरियर’ को पूरी तरह बदल दिया जाएगा और नए किस्म की सीट और विमान के भीतर मनोरंजन की बेहतर व्यवस्था भी की जाएगी। बयान के मुताबिक, दोनों बेड़ों में प्रीमियम इकॉनमी केबिन लगाए जाएंगे। इसके अलावा बी777 विमानों में प्रथम श्रेणी के केबिन भी बरकरार रखे जाएंगे।

अपग्रेड किए गए विमानों का पहला जत्था वर्ष 2024 तक मिस सकता है

नए सिरे से तैयार किए गए विमानों का पहता जत्था एयरलाइन को 2024 के मध्य में मिलने की उम्मीद है। सरकार से जनवरी, 2022 में एयर इंडिया का स्वामित्व लेने वाले टाटा समूह ने गत सितंबर में इस एयरलाइन के कायाकल्प की एक योजना घोषित की थी।

यह भी पढ़े: Samsung भारत में प्रौद्योगिकी स्टार्टअप के साथ मिलकर काम करेगी

11 विमानों को पट्टे पर लेगी एयर इंडिया

एयर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी कैंपबेल विल्सन ने कहा, ‘हम विमानों की मरम्मत के काम को अपने साझेदारों के साथ मिलकर जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश में हैं। इस दौरान नए इंटीरियर से लैस 11 नए विमानों को पट्टे पर लिया जाएगा।’

First Published : December 8, 2022 | 7:28 PM IST