कंपनियां

Air Travel: मलेशिया एयरलाइंस और इंडिगो की साझेदारी, यात्रियों को मिलेंगे अधिक विकल्प

दोनों एयरलाइन के बीच समझौता लोगों को मलेशिया और भारत के बीच निर्बाध यात्रा के अधिक विकल्प प्रदान करने में मदद करेगा।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 03, 2024 | 11:35 PM IST

भारत और मलेशिया के बीच संपर्क बेहतर बनाने के वास्ते मलेशिया एयरलाइंस तथा इंडिगो ने कोडशेयर साझेदारी के लिए प्रारंभिक समझौता किया है। इंडिगो की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों एयरलाइन के बीच समझौता लोगों को मलेशिया और भारत के बीच निर्बाध यात्रा के अधिक विकल्प प्रदान करने में मदद करेगा।

बयान में कहा गया, इस सहयोग से इंडिगो संचालित उड़ानों पर मलेशिया एयरलाइंस विपणन वाहक के रूप में भारत के साथ अपने संपर्क को मजबूत करने में सक्षम होगी, जबकि इंडिगो ग्राहकों को मलेशिया एयरलाइंस के व्यापक नेटवर्क के जरिये दक्षिण पूर्व एशिया के अधिक गंतव्यों तक पहुंच स्थापित करने का मौका मिलेगा।

इंडिगो ने कहा कि यह पारस्परिक व्यवस्था दोनों वाहकों को अपने ग्राहकों को निर्बाध संपर्क प्रदान करने की अनुमति देगी। इसके अलावा उन्हें अन्य सुविधाओं के बीच एकीकृत यात्रा कार्यक्रम का आनंद लेने में सक्षम बनाएगी।

मलेशिया एयरलाइंस वर्तमान में नयी दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोच्चि, अहमदाबाद, अमृतसर और तिरुवनंतपुरम सहित भारत के नौ प्रमुख केंद्रों के लिए 71 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती है।

First Published : April 3, 2024 | 11:07 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)