Representative image
सुनील मित्तल की कंपनी भारती एयरटेल के शीर्ष अधिकारियों ने गुरुवार को अपनी अर्निंग्स कॉल में कहा कि कंपनी के मुनाफे का एक अहम मासिक पैमाना एआरपीयू (प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व) पश्चिम एशिया के संकट की वजह से प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि रुपये की गिरती कीमत के कारण इंटरनैशनल रोमिंग से होने वाली कमाई घटी है और गैस आपूर्ति पर लगी पाबंदियों की वजह से गैल्वनाइजिंग उद्योग पर असर पड़ा है।
इससे टावर लगाने का काम भी धीमा हो गया है। इन सब कारणों से मार्च तिमाही में एआरपीयू गिरकर 257 रुपये रह गया, जबकि एक तिमाही पहले यह 259 रुपये था।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी शाश्वत शर्मा ने कहा, ‘हम एआरपीयू में 3 रुपये की बढ़ोतरी से खुश नहीं हैं। इस समस्या की एक बड़ी वजह पश्चिम एशिया संकट और इंटरनेशनल रोमिंग से होने वाली कमाई से जुड़ी है। लेकिन अब हमने एआरपीयू बढ़ाने के लिए अपने सभी उपायों पर पूरी तरह से जोर देने का इरादा कर लिया है।’