कंपनियां

Ambuja Cements Q2 Results: अदाणी की सीमेंट कंपनी का कई गुना बढ़ा नेट मुनाफा, कमाए 987 करोड़ रुपये

अंबुजा सीमेंट्स का कुल खर्च सितंबर, 2023 की तिमाही में 8.92 प्रतिशत घटकर 6,564.28 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 7,175.81 करोड़ रुपये था।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 01, 2023 | 5:06 PM IST

अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की सितंबर में समाप्त दूसरी तिमाही का शुद्ध लाभ कई गुना उछाल के साथ 987.24 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी। परिचालन लागत घटने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। अब अदाणी समूह का हिस्सा बन चुकी कंपनी ने बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 51.30 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसकी परिचालन आय दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 4.10 प्रतिशत बढ़कर 7,423.95 करोड़ रुपये रही है, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,131.39 करोड़ रुपये रही थी।

ACC की भी फाइनैंशियल परफॉर्मेंस शामिल

अंबुजा सीमेंट्स ने कहा, ‘इसे व्यावसायिक तालमेल और परिचालन उत्कृष्टता पर ध्यान देकर हासिल किया गया है।’ अंबुजा सीमेंट्स के एकीकृत परिणामों में इसकी सब्सिडियरी की सब्सिडियरी फर्म एसीसी लिमिटेड का वित्तीय प्रदर्शन शामिल है, जिसमें इसकी लगभग 51 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

कम हुआ कुल खर्च

अंबुजा सीमेंट्स का कुल खर्च सितंबर, 2023 की तिमाही में 8.92 प्रतिशत घटकर 6,564.28 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 7,175.81 करोड़ रुपये था। सितंबर, 2023 तिमाही में कंपनी की कुल एकीकृत आमदनी 9.1 प्रतिशत बढ़कर 7,900 करोड़ रुपये हो गई।

एकीकृत आधार पर अंबुजा सीमेंट्स का शुद्ध लाभ जुलाई-सितंबर तिमाही में चार गुना उछाल के साथ 643.84 करोड़ रुपये रहा, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 138.91 करोड़ रुपये था।

ऑपरेशनल इनकम में भी इजाफा

कंपनी ने बताया कि एकीकृत आधार पर उसकी परिचालन आय आठ प्रतिशत बढ़कर 3,969.79 करोड़ रुपये रही है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,675.61 करोड़ रुपये रही थी।

First Published : November 1, 2023 | 5:06 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)