कंपनियां

एडवेंट इंटरनेशनल से 2,475 करोड़ रुपये जुटाएगी Apollo Healthco Limited

विलय के बाद केइमेड प्राइवेट लिमिटेड के शेयरधारकों के पास 25.7 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी जबकि अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज लिमिटेड बहुलांश शेयरधारक होगी।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 27, 2024 | 8:12 AM IST

अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज लिमिटेड की अनुषंगी अपोलो हेल्थको लिमिटेड ने 2,475 करोड़ रुपये जुटाने के लिए वैश्विक निजी इक्विटी कंपनी एडवेंट इंटरनेशनल के साथ एक समझौता किया है। एक वरिष्ठ कंपनी अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इस समझौते के तहत अपोलो हेल्थको लिमिटेड (अपोलो 24/7 या ‘एएचएल’) अगले 24 से 30 महीनों में अपनी थोक दवा वितरक फर्म केइमेड प्राइवेट लिमिटेड का एडवेंट इंटरनेशनल के साथ एकीकरण करेगी। इस विलय के बाद एक संयुक्त इकाई बनाई जाएगी जिसमें एडवेंट इंटरनेशनल की 12.1 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। संयुक्त इकाई का मूल्यांकन 22,481 करोड़ रुपये होगा।

विलय के बाद केइमेड प्राइवेट लिमिटेड के शेयरधारकों के पास 25.7 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी जबकि अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज लिमिटेड बहुलांश शेयरधारक होगी। अपोलो हॉस्पिटल्स ग्रुप के चेयरमैन डॉ. प्रताप सी रेड्डी ने एक बयान में कहा, “एडवेंट (इंटरनेशनल) के निवेश और केइमेड के विलय के साथ संयुक्त इकाई अग्रणी खुदरा स्वास्थ्य कंपनियों में से एक होगी।”

एडवेंट इंडिया की प्रमुख और प्रबंध साझेदार श्वेता जालान ने कहा, “यह निवेश भारत में तेजी से बढ़ते स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में निवेश करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

First Published : April 27, 2024 | 8:12 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)