कंपनियां

Asian Paints Q3 Results: पेंट्स बनाने वाली कंपनी का 34 फीसदी बढ़ा मुनाफा, कमाए 1,475 करोड़ रुपये

एशियन पेंट्स का कुल खर्च दिसंबर तिमाही में मामूली बढ़कर 7,321.77 करोड़ रुपये रहा।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 17, 2024 | 5:13 PM IST

एशियन पेंट्स का चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर की तीसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 34.46 प्रतिशत बढ़कर 1,475.16 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कंपनी ने बताया कि कच्चे माल की कीमतों में नरमी और बेहतर दक्षता के चलते दिसंबर, 2023 को समाप्त तिमाही में उसका प्रदर्शन बेहतर रहा।

कंपनी ने एक साल पहले अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 1,097.06 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। समान तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 5.4 प्रतिशत बढ़कर 9,103.09 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 8,636.74 करोड़ रुपये थी।

एशियन पेंट्स का कुल खर्च दिसंबर तिमाही में मामूली बढ़कर 7,321.77 करोड़ रुपये रहा।

एशियन पेंट्स के निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अमित सिंगल ने बयान में कहा, ‘लंबे त्योहारी सत्र से वृद्धि को समर्थन मिला, हालांकि तिमाही के उत्तरार्ध में मांग कुछ कम हुई। हमारे ऑटो ओईएम और सामान्य औद्योगिक कोटिंग व्यवसायों ने मजबूत राजस्व वृद्धि दर्ज की और अच्छा लाभ मार्जिन हासिल किया।’

First Published : January 17, 2024 | 5:13 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)