कंपनियां

BHEL Q4 Results: मार्च तिमाही में 25% घटा नेट प्रॉफिट, कंपनी ने किया डिविडेंड का ऐलान

BHEL Q4 Results: बीएचईएल (BHEL) के अनुसार, वित्त वर्ष 2022-23 की मार्च तिमाही में कंपनी ने 645.13 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 21, 2024 | 6:10 PM IST

BHEL Q4 Results: पब्लिक सेक्टर की कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने मंगलवार को मार्च तिमाही के अपने नतीजों का ऐलान कर दिया।

कंपनी ने बताया कि 2023-24 की चौथी तिमाही में कंसोलिडेट नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 24.9 प्रतिशत गिरकर 484.36 करोड़ रुपये रह गया। बीएचईएल (BHEL) के अनुसार, वित्त वर्ष 2022-23 की मार्च तिमाही में कंपनी ने 645.13 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था।

इसके अलावा ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर मामूली रूप से 0.4 प्रतिशत बढ़कर 8,226.99 करोड़ रुपये से बढ़कर 8,260.25 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी का कुल खर्च भी बढ़ा

बिजली और इंडस्ट्रियल उपकरण बनाने वाली कंपनी बीएचईएल (BHEL) का कुल खर्च चौथी तिमाही में 7,411.64 करोड़ रुपये से 5 प्रतिशत बढ़कर 7,794.11 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, पिछली तिमाही के 5,537.47 करोड़ रुपये की तुलना में चौथी तिमाही में खर्च 40.75 प्रतिशत बढ़ गया।

देश की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में बीएचईएल की हिस्सेदारी 53 फीसदी है। प्रतिस्पर्धी कंपनी टाटा पावर ने इसी अवधि के दौरान 1,046 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। कंपनी के नेट प्रॉफिट में मार्च तिमाही के दौरान 11 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

बोर्ड ने किया डिविडेंड का ऐलान

कंपनी बोर्ड ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 2 रुपये के फेस वेल्यू वाले इक्विटी शेयर पर 25 पैसे प्रति शेयर के डिविडेंड की सिफारिश की है। मंजूरी मिलने पर फ़ाइनल डिविडेंड का भुगतान वार्षिक आम बैठक की तारीख से 30 दिनों के भीतर किया जाएगा।

इस बीच, बीएसई पर बीएचईएल का शेयर (BHEL Share Price) मंगलवार को 2.72 प्रतिशत या 8.45 रुपये की बढ़त के साथ 318.80 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।

First Published : May 21, 2024 | 5:22 PM IST