कंपनियां

भारत में अपनी मौजूदगी का विस्तार करे बोइंगः गोयल

Published by
भाषा
Last Updated- May 04, 2023 | 3:33 PM IST

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने गुरुवार को कहा कि वह अमेरिकी विमान विनिर्माता बोइंग (Boeing) की भारत में बढ़ी हुई मौजूदगी देखना चाहते हैं। बोइंग को टाटा समूह (Tata Group) की एयर इंडिया (Air India) से विमानों की आपूर्ति का एक बड़ा ठेका मिला है।

एयर इंडिया ने गत फरवरी में कहा था कि वह बोइंग (Boeing) और एयरबस (AirBus) से कुल 470 विमानों की खरीद करेगी। इस सौदे का कुल मूल्य 80 अरब डॉलर होने का अनुमान है।

गोयल ने यहां भारत-अमेरिका साझेदारी पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘बोइंग को हाल ही में टाटा से बहुत बड़ा ऑर्डर मिला है और मेरी समझ में इसी तरह के कुछ और ऑर्डर भी आने वाले हैं। मैं भारत में बोइंग की मौजूदगी में विस्तार देखना चाहता हूं। मेरी इच्छा है कि आप अपना स्थानीय आपूर्ति शृंखला बढ़ाएं और यहां पर मरम्मत, रखरखाव एवं परिचालन (MRO) की अधिक गतिविधियां करें।’

इसके साथ ही वाणिज्य मंत्री ने भरोसा जताया कि अमेरिका की कुछ अन्य बड़ी कंपनियां भी भारतीय फर्मों के साथ इसी तरह मिलकर काम करेंगी। उन्होंने दोनों देशों के द्विपक्षीय व्यापार की वृद्धि की रफ्तार अच्छी होने का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका इस व्यापार को वर्ष 2030 तक चार गुना कर 500 अरब डॉलर तक ले जाने की कोशिश में हैं।

Also Read: Go First ने 15 मई तक रोकी टिकट बुकिंग, यात्रियों को टिकट का पैसा लौटाने के निर्देश

गोयल ने भारतीय मूल के अजय बंगा के विश्व बैंक (World Bank) का अगला अध्यक्ष नियुक्त होने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि वह विश्व बैंक के कामकाज में विकासशील देशों का भी नजरिया आत्मसात करने में सफल रहेंगे।

First Published : May 4, 2023 | 3:33 PM IST