कंपनियां

फुटबॉल विश्व कप का चढ़ा खुमार तो ब्रांड भी कर रहे पेशकश जोरदार

भारतीय और वैश्विक दोनों ही ब्रांड इस अदम्य उत्साह का फायदा उठाने के लिए बाजार में उतार रहे फुटबॉल से जुड़े उत्पाद और चला रहे अभियान

Published by
अनीका चटर्जी   
Last Updated- June 14, 2026 | 11:46 PM IST

मेक्सिको सिटी में 11 जून को फीफा विश्व कप, 2026 का आगाज होने के बाद पूरी दुनिया में फुटबॉल की दीवानगी सिर चढ़कर बोल रही है। भारतीय और वैश्विक दोनों ही ब्रांड इस अदम्य उत्साह का फायदा उठाने के लिए फुटबॉल से जुड़े (थीम) कई तरह के उत्पाद, अभियान, प्रायोजनों के साथ-साथ फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास तरह के अनुभव बाजार में उतार रहे हैं। फुटबॉल की यह दीवानगी ब्रांड की बिक्री में पंख लगा रही है। जर्सी और सीमित अवधि के लिए उपलब्ध उत्पाद (लिमिटेड-एडिशन कलेक्शन) से लेकर खेल एवं टूर्नामेंट के दौरान कंपनियों द्वारा किए जाने वाली खास पेशकश (मैच-डे डील्स) तक कपड़े, खेल परिधान, शराब और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों के ब्रांड बिक्री बढ़ाने के लिए फीफा विश्व कप का खूब फायदा उठा रहे हैं।

नाइकी, डेकाथलॉन, एबी इनवेब, डियाजियो, रिलायंस इंडस्ट्रीज का यूत्सा और हाईसेंस इंडिया जैसी कंपनियां फुटबॉल के शौकीन लोगों का ध्यान खींचने में अपनी तरफ  से कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। इससे पता चलता है कि फुटबॉल विश्व कप में मार्केटिंग और खुदरा उपभोग के एक अहम मौके के तौर पर उभरा है। आरआईएल के कपड़ों के ब्रांड यूत्सा के मुताबिक फीफा कलेक्शन के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के कपड़ों की जबरदस्त मांग देखी गई है। टी-शर्ट और अलग-अलग देशों की जर्सी सबसे ज्यादा बिक रही हैं। अर्जेंटीना और ब्राजील की जर्सी की मांग सबसे अधिक है जबकि मिकी और मिनी, पीनट्स और गारफील्ड वाले फीफा -थीम वाले लाइसेंस्ड कलेक्शन की भी खूब धाक है। इससे पता चलता है कि नई पीढ़ी फैशन-फर्स्ट स्पोर्ट्सवियर (आरामदायक एवं आधुनिक पोशाक) को ज्यादा पसंद कर रही है।

यूत्सा के एक प्रवक्ता ने कहा,‘इस तरह की सफलता यूत्सा की उस क्षमता को दिखाती है। वह दुनिया में खेल जैसे सांस्कृतिक आयोजन के खास क्षणों और सुलभ फैशन को एक साथ पेश कर रही है। इससे फीफा जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन भारतीय युवा ग्राहकों के लिए प्रासंगिक बन जाते हैं।’ इसके अलावा, एथलेटिक वियर ब्रांड डेकाथलॉन 999 रुपये से शुरू होने वाली जर्सी और 599 से 799 रुपये तक की फुटबॉल पेश कर रहा है। इनके अलावा यह फुटबॉल प्रमियों के लिए खास सामान पर लुभावनी पेशकश भी कर रहा है।

डेकाथलॉन स्पोर्ट्स इंडिया में खेल निदेशक हंस पीटर जेन्सेन ने कहा कि ब्रांड ने फीफा टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही अपने फुटबॉल थीम वाले सामान का 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा बेच चुकी है। जेन्सेन ने कहा कि इससे पता चलता है कि क्विक कॉमर्स सहित सभी प्लेटफॉर्म पर कितनी जबरदस्त है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों में दिलचस्पी खास तौर पर ज्यादा रही है जिसमें मुंबई, केरल, दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और कोलकाता सबसे आगे हैं।

पूरे देश में पुर्तगाल थीम वाले सामान सबसे ज्यादा बिकने वाली श्रेणी बन गई है। केवल कपड़ों या शराब के ब्रांड ही नहीं बल्कि इलेक्ट्रॉनिक सामान के ब्रांड हाईसेंस इंडिया की बिक्री में भी उछाल देखी जा रहा है। इस फीफा टूर्नामेंट के दौरान बड़े पर्दे वाले होम एंटरटेनमेंट में ग्राहकों की बढ़ती दिलचस्पी की वजह से कंपनी के महंगे टेलीविजन की बिक्री में 7-10 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है।

हाइसेंस इंडिया के मुख्य कार्याधिकारी पंकज राणा ने कहा, ‘अभी जिस तरह की तेजी दिख रही है उसे देखते हुए हमें उम्मीद है कि यह बिक्री और बढ़ेगी और आने वाले हफ्तों में 15 से 20 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी।’

शराब बनाने वाली कंपनी डियाजियो (यूनाइटेड स्पिरिट्स) के ब्रांड ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ ने फीफा के साथ साझेदारी की है। इसके तहत पूरे टूर्नामेंट के दौरान फैन वॉच पार्टी, डिजिटल इंटीग्रेशन और खास सामग्री के जरिये फुटबॉल प्रेमियों को खेल के साथ और जोड़ा जा रहा है।

डियाजियो इंडिया में उपाध्यक्ष, विपणन (प्रीमियम और लग्जरी) वरुण कूरीच ने कहा,‘फुटबॉल उन कुछ सांस्कृतिक आयोजनों में एक है जो लोगों को स्वाभाविक रूप से एक साथ लाता है। इसी वजह से फीफा, ‘ब्लैक ऐंड व्हाइट’ और हमारी सोच ‘द मैजिक ऑफ शेयरिंग’के लिए एकदम सही है।’

सह-प्रायोजन के तौर पर ‘ब्लैक ऐंड व्हाइट’ (नॉन-अल्कोहलिक कार्बोनेटेड ड्रिंक्स) कई माध्यमों से खेल प्रेमियों से जुड़ रहा है। इसमें ऑन-ग्राउंड वॉच पार्टी से लेकर टेलीविजन और ओटीटी इंटीग्रेशन तक का सहारा लिया जा रहा है। इससे यह ब्रांड फुटबॉल प्रेमियों के पूरे अनुभव के दौरान उनके साथ बना रहता है।

एनह्यूजर-बुश इनबेव भी फीफा से जुड़ी अपनी पेशकश बढ़ा रही है और सेमी-फाइनल और फाइनल के लिए माहौल बनाने के मकसद से मैच पर्दे पर दिखाने की योजना बना रही है। कंपनी फुटबॉल से प्रेरित अनुभव और उत्पाद बनाने के लिए उभरते कलाकारों और डिजाइनरों के साथ साझेदारी कर रही है। साथ ही वह जून के आखिर तक शराब की दुकानों पर एक बेहद खास ‘इन-स्टोर एन्गेजमेंट प्रोग्राम’ शुरू करने जा रही है जिसका मकसद टूर्नामेंट के दौरान ग्राहकों के साथ जुड़ाव को बेहतर बनाना है। स्पोर्ट्सवियर खंड बड़ी कंपनी नाइकी फुटबॉल पर आधारित कई नए उत्पाद लाकर दमदार प्रदर्शन, संस्कृति और खेल प्रेमियों के जुड़ाव को एक साथ ला रही है।

कंपनी ने अपना ‘नाइकी फुटबॉल एक्स लेगो’  कलेक्शन पेश किया है। यह युवा खेल प्रेमियों को आकर्षित करने के लिए तैयार किया गया है जिसमें रचनात्मक कपड़े, जूते और अन्य सामान शामिल हैं जो फुटबॉल परफॉर्मेंस और रचनात्मक डिजाइन दोनों का बेहतरीन मेल हैं। नाइकी मशहूर हस्तियों के साथ तालमेल का भी इस्तेमाल कर रही है। वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो, एर्लिंग हालैंड और किम कार्दशियन जैसे नामी हस्तियों के साथ साझेदारी की झलक पेश कर रही है ताकि टूर्नामेंट के दौरान फुटबॉल ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके।

First Published : June 14, 2026 | 11:46 PM IST