Byju Ravindran Jail: कभी भारत के सबसे चर्चित स्टार्टअप्स में गिनी जाने वाली एडटेक कंपनी Byju’s के फाउंडर बायजू रवींद्रन को सिंगापुर की अदालत से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उन्हें अवमानना मामले में 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, कोर्ट ने कहा कि बायजू रवींद्रन ने अप्रैल 2024 से जुड़ी अपनी संपत्तियों के मामले में अदालत के कई आदेशों का पालन नहीं किया। इसी वजह से उन्हें जेल की सजा दी गई है।
सिंगापुर कोर्ट ने बायजू रवींद्रन को अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही उन्हें 90,000 सिंगापुर डॉलर यानी करीब 70,500 अमेरिकी डॉलर का खर्च भी चुकाने को कहा गया है। कोर्ट ने उनसे ऐसे दस्तावेज भी मांगे हैं, जिनसे यह साबित हो सके कि Beeaar Investco Pte नाम की कंपनी में उनका कानूनी मालिकाना हक है। यह कंपनी एक दूसरी संबंधित कंपनी में शेयर रखती थी।
Byju’s की पैरेंट कंपनी Think & Learn Pvt की शुरुआत करने वाले बायजू रवींद्रन कभी भारत के बड़े स्टार्टअप चेहरों में शामिल थे। कंपनी को दुनिया की बड़ी निवेश कंपनियों से फंडिंग मिली थी और Byju’s तेजी से बढ़ने वाली एडटेक कंपनी बन गई थी। लेकिन अब कंपनी कई कानूनी और वित्तीय मुश्किलों में फंसी हुई है। अमेरिका में भी कंपनी के लेंडर्स 1.2 बिलियन डॉलर के खराब हो चुके लोन की रकम वापस लेने की कोशिश कर रहे हैं।
सिंगापुर में बायजू रवींद्रन के खिलाफ कार्रवाई कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी की एक यूनिट की तरफ से की जा रही है। इस कंपनी ने उस समय Byju’s में निवेश किया था, जब कंपनी कर्मचारियों की छंटनी कर रही थी और खर्च कम करने में लगी थी। इस मामले में Qatar Holdings की तरफ से Drew & Napier लॉ फर्म पेश हुई, जबकि Byju’s Investments की ओर से Fervent Chambers ने पैरवी की। फिलहाल यह साफ नहीं है कि बायजू रवींद्रन इस समय सिंगापुर में हैं या किसी और देश में। (ब्लूमबर्ग के इनपुट के साथ)