कंपनियां

मुश्किल दौर से गुजर रही Byju’s का मार्च तक प्रॉफिट में आने का लक्ष्य

कंपनी ने अपने संगठन में भूमिकाओं के दोहराव को खत्म करने के बाद इस महीने कार्यबल में लगभग 3,000-3,500 तक की कमी करने की कवायद शुरू की है।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 01, 2023 | 9:54 PM IST

शिक्षा तकनीक क्षेत्र की कंपनी बैजूस (Byju’s) ने संगठन के एकीकरण और पुनर्गठन के साथ मार्च 2024 तक मुनाफे में आने का लक्ष्य तय किया है। पूरे मामले से अवगत सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी 1.2 अरब डॉलर के ऋण का निपटान भी करेगी। कंपनी ने अपने संगठन में भूमिकाओं के दोहराव को खत्म करने के बाद इस महीने कार्यबल में लगभग 3,000 से 3,500 तक की कमी करने की कवायद शुरू की है।

एक सूत्र ने कहा, ‘थिंक ऐंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड (टीएलपीएल) के पुनर्गठन से कई व्यावसायिक इकाइयों में फैली मौजूदा परिचालन व्यवस्था को चार मुख्य क्षेत्रों में व्यवस्थित किया जाएगा। कारोबारी पुनर्गठन का मकसद नकदी प्रवाह के साथ संसाधनों का मिलान करना है।’ उन्होंने कहा, ‘कंपनी चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में मार्च तक मुनाफे में आ जाएगी।’
बैजूस ने इस संबंध में भेजे गए एक सवाल पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। टीएलपीएल बैजूस ब्रांड नाम के तहत संचालन करती है। बैजूस ने इससे पहले मार्च, 2023 तक मुनाफे में आने का लक्ष्य रखा था।

बैजूस को वित्त वर्ष 2021 में 4,588 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 19 फीसदी अधिक था। वित्त वर्ष 2020-21 में घाटा 2019-2020 से 231.69 करोड़ रुपये से बढ़ गया। वित्त वर्ष 2021 में कंपनी का राजस्व 2,428 करोड़ रुपये रह गया, जो वित्त वर्ष 2020 में 2,511 करोड़ रुपये था। हालांकि 31 मार्च 2022 को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी ने कहा था कि उसका राजस्व चार गुना बढ़कर 10 हजार करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि, उस वर्ष कंपनी ने लाभ-हानि के आंकड़े नहीं जारी किए।

First Published : October 1, 2023 | 5:46 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)