कंपनियां

वाहन बिक्री में तेजी को भुनाना चाह रही CEAT

CEAT अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अमेरिका में यात्री वाहन तथा ट्रक और बस रेडियल टायर बाजार में प्रवेश करने की तैयारी कर रही है।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 28, 2024 | 9:52 PM IST

टायर बनाने वाली कंपनी सिएट लिमिटेड भारत में यात्री वाहन बिक्री में वृद्धि के अवसर भुनाना चाहती है। कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्य अधिकारी अर्णब बनर्जी ने कहा कि इससे भविष्य में वाहनों में टायर बदलने (रिप्लेसमेंट) की मांग में भी बढ़ोतरी होगी।

कंपनी अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अमेरिका में यात्री वाहन तथा ट्रक और बस रेडियल टायर बाजार में प्रवेश करने की तैयारी कर रही है।

कंपनी का इरादा अपने अंतरराष्ट्रीय कारोबार को वृद्धि का एक इंजन बनाने का है। बनर्जी ने कहा ‘40 लाख कारों का मतलब अगले दो से तीन वर्षों में टायर मांग में तत्काल वृद्धि होगी। अत: यह एक बहुत अच्छा आंकड़ा है। मूल उपकरण निर्माता (ओईएम) रिप्लेसमेंट टायर बाजार के लिए बहुत अच्छा संकेत दे रहे हैं।’

वह भारत में यात्री वाहनों की बिक्री में वृद्धि के टायर विनिर्माताओं पर प्रभाव से संबंधित सवाल का जवाब दे रहे थे। भारत में पीवी की बिक्री 2023 में 41.08 लाख के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।

First Published : January 28, 2024 | 9:52 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)