कंपनियां

Coal India ने अक्टूबर के पहले पखवाड़े में बिजली प्लांटों को 2.35 करोड़ टन कोयले की सप्लाई की

चालू वित्त वर्ष में 15 अक्टूबर तक कोल इंडिया ने बिजली प्लांटों को कुल 31.9 करोड़ टन की सप्लाई की है, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले चार प्रतिशत अधिक है।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 16, 2023 | 7:34 PM IST

सार्वजनिक क्षेत्र की कोयला कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) ने सोमवार को कहा कि त्योहारी मौसम के पहले उसकी बिजली उत्पादक इकाइयों को सप्लाई अक्टूबर के पहले पखवाड़े में छह प्रतिशत बढ़कर 2.35 करोड़ टन हो गई।

कोल इंडिया ने बयान में कहा कि एक साल पहले की समान अवधि में कोयला आधारित बिजली उत्पादक प्लांटों को 2.22 करोड़ टन कोयले की सप्लाई की गई थी। कोयला सप्लाई में बढ़ोतरी बिजली की मांग में अचानक आई तेजी की वजह से हुई है। हालांकि, बेमौसम बारिश होने से कोल इंडिया की पूर्वी खदानों में खनन पर असर पड़ा।

चालू वित्त वर्ष में 15 अक्टूबर तक कोल इंडिया ने बिजली प्लांटों को कुल 31.9 करोड़ टन की सप्लाई की है। यह पिछले साल की समान अवधि के 30.7 करोड़ टन की तुलना में चार प्रतिशत अधिक है।

महारत्न कंपनी को वित्त वर्ष 2023-24 में देश के बिजली उत्पादक प्लांटों को 61 करोड़ टन कोयला सप्लाई का लक्ष्य दिया गया है। यह अनुमान पिछले वित्त वर्ष की आपूर्ति की तुलना में चार प्रतिशत अधिक है।

First Published : October 16, 2023 | 7:34 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)