कंपनियां

Coffee Day एंटरप्राइजेज ने सितंबर तिमाही में 433.91 करोड़ रुपये के भुगतान में चूक की

कंपनी ने कहा कि NCD और NCRPS जैसी गैर-सूचीबद्ध ऋण प्रतिभूतियों से उसका कुल बकाया 244.77 करोड़ रुपये है।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 05, 2023 | 8:16 PM IST

कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड (CDEL) सितंबर में समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कर्ज पर मूलधन तथा ब्याज के 433.91 करोड़ रुपये के भुगतान में चूक गई है। यह सीईईएल की जून तिमाही में हुई 440.25 करोड़ रुपये की कर्ज चूक से कम है।

कॉफी डे ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही में इसकी ‘अल्पकालिक और दीर्घकालिक ऋण सहित सूचीबद्ध इकाई की कुल वित्तीय ऋण चूक’ 433.91 करोड़ रुपये है। सीडीईएल के अनुसार, इसकी कुल बकाया राशि बैंकों या वित्तीय संस्थानों से ऋण या नकद ऋण जैसी सुविधाओं से 189.14 करोड़ रुपये है। इसपर, सीडीईएल ने आजतक 183.36 करोड़ रुपये की मूल राशि और 5.78 करोड़ रुपये के ब्याज भुगतान में चूक की है।

कंपनी ने कहा कि NCD और NCRPS जैसी गैर-सूचीबद्ध ऋण प्रतिभूतियों से उसका कुल बकाया 244.77 करोड़ रुपये है। इसमें से आज तक चूक की कुल राशि 200 करोड़ रुपये और ब्याज 44.77 करोड़ रुपये है।

कंपनी के बयान के अनुसार, “ब्याज और मूलधन के भुगतान में चूक के कारण ऋणदाताओं ने कंपनी को नोटिस भेजा है और साथ ही कानूनी विवाद भी शुरू किया है। नोटिस, कानूनी विवादों और ऋणदाताओं के साथ लंबित एकमुश्त निपटान के मद्देनजर, कंपनी ने अप्रैल 2021 से ब्याज को नहीं माना है।”

इससे पहले अगस्त में, राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (NCLT) ने इसकी अनुषंगी कंपनी सीडीजीएल के खिलाफ दिवाला कार्यवाही पर रोक लगा दी थी। सीडीजीएल लोकप्रिय कैफे कॉफी डे (सीसीडी) श्रृंखला का संचालन करती है।

First Published : October 5, 2023 | 8:16 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)