कंपनियां

D-Mart F24Q2 Results: एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड का 9 प्रतिशत गिरा नेट मुनाफा, बढ़ा रेवेन्यू

F24Q2 Results: एवेन्यू सुपरमार्ट्स का जुलाई-तिसंबर, 2023 तिमाही का कुल खर्च 18.97 प्रतिशत बढ़कर 11,809.35 करोड़ रुपये रहा।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 14, 2023 | 5:13 PM IST

रिटेल चेन डी-मार्ट की मालिक और इसका ऑपरेशन करने वाली एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ (consolidated net profit) 9.09 प्रतिशत घटकर 623.35 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने शनिवार को बताया कि सामान्य माल और परिधान कारोबार से कम योगदान के कारण सकल मार्जिन (gross margin) प्रभावित हुआ। कंपनी ने बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 685.71 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

बढ़ा रेवेन्यू

कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि समीक्षाधीन अवधि में परिचालन से उसका राजस्व (revenue from operations) 18.66 प्रतिशत बढ़कर 12,624.37 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 10,638.33 करोड़ रुपये था।

बढ़ा एवेन्यू सुपरमार्ट्स का कुल खर्च

एवेन्यू सुपरमार्ट्स का जुलाई-तिसंबर, 2023 तिमाही का कुल खर्च 18.97 प्रतिशत बढ़कर 11,809.35 करोड़ रुपये रहा। सितंबर तिमाही में कंपनी की कुल आमदनी 18.61 प्रतिशत बढ़कर 12,661.29 करोड़ रुपये रही।

चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में एवेन्यू सुपरमार्ट्स का परिचालन से राजस्व 24,489.81 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 1,282.06 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नेविल नोरोन्हा ने कहा, ‘चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 18.5 प्रतिशत की राजस्व वृद्धि रही।’

First Published : October 14, 2023 | 5:13 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)